Saharanpur News: थाना सदर बाजार पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी को कल्सिया रोड स्थित कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया. आरोपी की पहचान कलीम पुत्र फुरकान उर्फ काला निवासी इस्लाम नगर थाना रामपुर मनिहारान जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को पीड़िता की मां ने थाना सदर बाजार पहुंचकर तहरीर दी थी कि आरोपी कलीम, उसके भाई, पिता और माता ने उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर गायब कर दिया. इस मामले में थाना सदर बाजार पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था.
मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. पुलिस अधीक्षक नगर नेतृत्व में गठित टीम ने 18 मार्च को अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया था. इसके बाद से मुख्य आरोपी कलीम की तलाश लगातार जारी थी.
पुलिस टीम ने आज मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना नकुड़ में चोरी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है. गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक विपिन कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल विजय सिंह तथा हेड कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे.
ADVERTISEMENT









