Saharanpur VHP Bajrang Dal Protest: थाना बेहट क्षेत्र में आज विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव किया. कार्यकर्ताओं ने थाना बेहट में तैनात एसआई करण नागर पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शन के दौरान विश्व हिंदू परिषद के योगाचार्य विभाग सह मंत्री मनीष ने बताया कि पिछले रविवार को रत्नपुरा गांव में गोकशी की घटना सामने आई थी. घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन और संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे. आरोप है कि उस दौरान एसआई करण नागर ने गो माता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है.
मनीष ने यह भी आरोप लगाया कि एसआई द्वारा बजरंग दल को लेकर भी अनुचित टिप्पणी की गई. साथ ही जयपुर में कथित रूप से एक युवती से जुड़े मामले में भी पुलिस का रवैया ढुलमुल बताया गया और पीड़ित पक्ष को ही दबाने का आरोप लगाया गया.
इन सभी मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाना बेहट पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने कार्यकर्ताओं को समझाते हुए आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर एसआई करण नागर को यहां से हटा दिया जाएगा. साथ ही गोकशी की घटना का खुलासा करने और अन्य मामले में भी त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया.
सीओ के आश्वासन के बाद कार्यकर्ता शांतिपूर्वक लौट गए. हालांकि, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे.
ADVERTISEMENT









