Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की गड़वार थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे एक ऐसे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है जो कानून की नजरों से बच कर भारतीय सेना में 'अग्निवीर' बन चुका था और लखनऊ में ट्रेनिंग ले रहा था.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार अभियुक्त दारा चौधरी उर्फ अमरजीत यादव पुत्र शिवबचन यादव, निवासी सिंहाचवर कला, थाना गड़वार काफी समय से एक आपराधिक मुकदमे में पुलिस की रडार पर था. आरोपी पर हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप है. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फरार चल रहा था और इसी बीच उसकी चयन अग्निवीर के रूप में हो गया.
गड़वार थाने के उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव को सटीक सूचना मिली कि वांछित अपराधी इस समय लखनऊ स्थित एएमसी ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले रहा है. सूचना मिलते ही बलिया की पुलिस टीम लखनऊ पहुंची और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र से अभियुक्त दारा चौधरी को हिरासत में ले लिया.
आपको बता दे की 30 अप्रैल 2026 की शाम पुलिस ने लखनऊ से अभियुक्त को गिरफ्तार किया. 1 मई को आरोपी के खिलाफ विधिक औपचारिकता पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया. जहां से पुलिस ने जेल भेज दिया. आरोपी ने सोचा था की फौज में भर्ती होकर वह अपने अपराधीक इतिहास पर पर्दा डाल देगा लेकिन बलिया पुलिस की सक्रियता ने उसके मंसूबो पर पानी फेर दिया. ट्रेनिंग सेंटर से सीधे जेल जाने की इस घटना ने इलाके में चर्चा का विषय छोड़ दिया है. पुलिस ने अपने बयान में बताया कि अपराधी चाहे कहीं भी छिपा हो, कानून के हाथ लंबे होते हैं. हत्या के प्रयास के मामले में वांछित इस अभियुक्त को नियमानुसार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT









