Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विपक्ष तीखा हमला बोला है. बलिया में महिला जन आक्रोश अभियान कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित सभी परिवारवादी दलों को घेरे में लेते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने वाली इस महत्वपूर्ण पहल का विरोध कर उनके साथ धोखा किया है.
ADVERTISEMENT
मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे दलों ने सदन में अधिनियम के खिलाफ मतदान कर साजिश रची है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की यह नकारात्मक राजनीति देश की आधी आबादी के साथ सरासर धोखा है.
टाउन हॉल से चौक तक निकाली गई जन आक्रोश यात्रा
बलिया के टाउन हॉल में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन पर मंत्री ने कहा कि विपक्ष की इस नकारात्मक राजनीति के कारण आज देश की महिलाएं आक्रोशित है. उन्होंने बताया कि इसी विरोध को दर्ज कराने के लिए टाउन हॉल से चौक तक एक जन आक्रोश यात्रा निकाली गई. जिसमें भारी संख्या में महिलाओं ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की और शहर के शहीद चौक में विपक्ष का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया.
"महिलाएं उन्हें बताएंगी कि उनके वोट की असली ताकत"
दयाशंकर सिंह ने विपक्ष को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब यह दल चुनाव में वोट मांगने, जनता के बीच आएंगे तो महिलाएं उन्हें बताएंगी कि उनके वोट की असली ताकत क्या है. उन्होंने कहा कि महिलाएं अब जागरुक हो चुकी हैं और वे उन्हें उनके किए का जवाब जरूर देंगी.
"सरकार महिलाओं को आरक्षण दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध"
परिवहन मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को दोहराते हुए स्पष्ट किया कि सरकार महिलाओं को आरक्षण दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि वर्ष 2029 तक महिलाओं को आरक्षण का अधिकार निश्चित रूप से मिल जाएगा.
ADVERTISEMENT









