Amethi Student Suicide: अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. पंडरी पूरे खुशियाल गांव में एक किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
ADVERTISEMENT
मृतका की पहचान सोनाली शुक्ला, पुत्री अरविंद शुक्ला, के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सोनाली ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी थी, जिसमें उसे 82 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए थे. परिजनों के अनुसार, वह अपने अपेक्षा से कम अंक आने के कारण पिछले कुछ दिनों से परेशान थी और परिवार के लोगों से कम बातचीत कर रही थी.
घटना के समय सोनाली की मां और बहन घर से बाहर सामान लेने गई थीं. इसी दौरान उसने घर के अंदर यह कदम उठा लिया. जब परिजन वापस लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना पर पहुंची गौरीगंज पुलिस ने दरवाजा तोड़कर किशोरी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतका चार बहनों में दूसरे नंबर पर थी. उसकी एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटी बहनें हैं. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
गौरीगंज थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि परीक्षा परिणाम को लेकर किशोरी मानसिक रूप से परेशान थी.
ADVERTISEMENT









