Amethi Weather Update: अमेठी में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू दिए हैं.पिछले 10 दिनों में तापमान 12 डिग्री से ज्यादा बढ़ गया है.जिले का पारा 40 डिग्री से पार हो चुका है और दोपहर के समय लू जैसे हालात बन गए. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया इसके साथ ही बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है.
ADVERTISEMENT
बढ़ते तापमान का असर जनजीवन पर साफ दिखा. बाजारों में चहल-पहल कम रही और लोग केवल जरूरी काम से ही बाहर निकले. सार्वजनिक स्थानों पर आवाजाही घट गई. सड़कों पर निकलने वाले लोग गमछा, टोपी और छाते का इस्तेमाल करते दिखे. गर्मी से राहत पाने के लिए गन्ना जूस, बेल का शरबत और ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है. टैक्सी चालक राम अछैबर और नन्हे लाल ने बताया कि तेज धूप के कारण दोपहर में सवारियां नहीं मिलतीं, जिससे आमदनी पर असर पड़ा है.
ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी का असर नजर आया. गेहूं की मड़ाई में तेज हवा बाधा बन रही है. तिवारीपुर गांव के किसान राम शिरोमणि तिवारी ने बताया कि हवा से भूसा उड़ने के कारण मड़ाई रात में करनी पड़ रही है. गौरीगंज के किसान सीताराम ने भी थ्रेसर चलाने में परेशानी बताई.
ADVERTISEMENT









