Amethi Incident News: अमेठी में ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध मौत, फैक्ट्री के बाहर अचानक गिरा

Newzo

• 11:37 AM • 18 Apr 2026

Amethi News: अमेठी के त्रिशुंडी औद्योगिक क्षेत्र में ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.हाथरस निवासी चालक माल लेकर फैक्ट्री पहुंचा था, तभी अचानक गिरकर दम तोड़ दिया. पुलिस इसे हार्ट अटैक का मामला मानकर पोस्टमार्टम करवा रही है.

Amethi News

Amethi News

Google CTA

 Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शनिवार सुबह एक ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. यह घटना रामगंज थाना क्षेत्र के त्रिशुंडी औद्योगिक इलाके की है जहां ड्राइवर अचानक सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई.

यह भी पढ़ें...

मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार (45) पुत्र निहाल सिंह निवासी ग्राम रुहेरी, थाना हाथरस गेट, जनपद हाथरस के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि नरेंद्र कुमार पुणे से माल लादकर ट्रक के जरिए त्रिशुंडी स्थित कोका-कोला फैक्ट्री पहुंचे थे. लंबी दूरी तय करने के बाद वह फैक्ट्री के बाहर ट्रक खड़ा कर कुछ देर आराम कर रहे थे. इसी दौरान वह मोबाइल पर किसी से बात करते हुए पानी की बोतल लेकर शौच के लिए जा रहे थे. तभी अचानक रास्ते में ही गिरकर बेहोश हो गए. घटना को देख वहां मौजूद अन्य चालकों और मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई. साथी चालक ने तुरंत स्थिति को समझते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादर पहुंचाया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद नरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही रामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हार्ट अटैक का मामला मान रही है.हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.