Amethi News: जनपद के कमरौली थाना क्षेत्र स्थित सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास इंडोरामा उर्वरक इकाई की रेलवे साइडिंग पर शनिवार सुबह एक मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतर गए. चालक की सतर्कता और वैगनों के नहीं पलटने से बड़ा हादसा टल गया. घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब पांच बजे मालगाड़ी इंडोरामा उर्वरक इकाई में खाद की लोडिंग के लिए साइडिंग ट्रैक से गुजर रही थी. इसी दौरान अचानक उसके सात वैगन पटरी से उतर गए. चालक ने तत्काल ट्रेन रोक दी, जिससे स्थिति और गंभीर होने से बच गई.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग, परिचालन एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर ट्रैक बहाली का कार्य शुरू कराया. हादसे में रेलवे साइडिंग ट्रैक को नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण इंडोरामा उर्वरक इकाई में मालगाड़ियों की आवाजाही और खाद की लोडिंग फिलहाल प्रभावित हो गई है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है। ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त कर संचालन सामान्य करने के प्रयास जारी हैं. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना केवल साइडिंग ट्रैक तक सीमित रही, इसलिए मुख्य लखनऊ–वाराणसी रेलखंड पर यात्री ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है.
रेलवे की तकनीकी टीम वैगनों को दोबारा पटरी पर लाने और क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत में जुटी हुई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पटरी से उतरने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल इस घटना से खाद कारखाने की माल ढुलाई व्यवस्था अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है.
ADVERTISEMENT











