Amethi News: अघोषित बिजली कटौती से नाराज महिलाओं ने घेरा अधीक्षण अभियंता कार्यालय, अलग फीडर की उठाई मांग

Newzo

• 05:40 PM • 22 Jul 2026

Amethi Power Cut: अघोषित बिजली कटौती से नाराज महिलाओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया. उन्होंने रात्रिकालीन निर्बाध बिजली, अलग फीडर की व्यवस्था और जर्जर बिजली तार बदलने की मांग उठाई. महिलाओं ने कहा कि कटौती से आम जनजीवन, पेयजल आपूर्ति और खेती प्रभावित हो रही है.

अघोषित बिजली कटौती से नाराज महिलाओं ने घेरा अधीक्षण अभियंता कार्यालय, अलग फीडर की उठाई मांग

अघोषित बिजली कटौती से नाराज महिलाओं ने घेरा अधीक्षण अभियंता कार्यालय, अलग फीडर की उठाई मांग

Google CTA

Amethi News: अघोषित बिजली कटौती से परेशान महिलाओं ने बुधवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया.  प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भीषण गर्मी में लगातार हो रही दिन-रात की कटौती पर नाराजगी जताई और शीघ्र समाधान की मांग की.

यह भी पढ़ें...

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं रीता सिंह ने कहा कि बार-बार बिजली आने-जाने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है. रात में कई बार बिजली गुल होने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है. साथ ही बिजली के उतार-चढ़ाव से घरेलू उपकरण खराब होने का खतरा बढ़ गया है और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है.

महिलाओं ने बताया कि बिजली संकट का असर किसानों पर भी पड़ रहा है. धान की फसल की सिंचाई के लिए किसानों को रातभर जागना पड़ता है, लेकिन पर्याप्त बिजली न मिलने से समय पर सिंचाई नहीं हो पा रही है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है.

प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने और रात्रिकालीन निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की. साथ ही 33/11 केवी गौरीगंज उपकेंद्र को जायस और हथवा उपकेंद्रों से अलग फीडर से जोड़ने की मांग उठाई. उनका कहना था कि तीनों उपकेंद्र एक ही लाइन से जुड़े होने के कारण फॉल्ट और ओवरलोडिंग की समस्या बनी रहती है, जिससे बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है.

महिलाओं ने क्षेत्र के जर्जर और लटकते बिजली तारों को भी जल्द बदलने की मांग की. प्रदर्शन में अनीता गौतम, कमलेश सरोज, रामलखी, लावित्री, गोलका, सनीना सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं.