Ballia News: युवा, किसान और बिजली के मुद्दों पर कांग्रेस का हल्ला बोल, डीएम कार्यालय का घेराव

Newzo

• 05:34 PM • 22 Jul 2026

Ballia Congress Protest: युवाओं पर कथित लाठीचार्ज, डीएपी खाद-बीज की कमी और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय का घेराव किया. प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने और स्मार्ट मीटर पर रोक की मांग की.

युवा, किसान और बिजली के मुद्दों पर कांग्रेस का हल्ला बोल, डीएम कार्यालय का घेराव

युवा, किसान और बिजली के मुद्दों पर कांग्रेस का हल्ला बोल, डीएम कार्यालय का घेराव

Google CTA

Ballia News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं पर हुए लाठीचार्ज, किसानों के लिए डीएपी खाद एवं बीज की कमी और स्मार्ट मीटर के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें उठाईं.

यह भी पढ़ें...

प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर युवा अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर लाठीचार्ज किया गया. उन्होंने कहा कि युवाओं के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा विरोध दर्ज कराने पर उन्हें गिरफ्तार किया जाना सरकार की तानाशाही और संवेदनहीनता को दर्शाता है.उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने और देश के युवाओं से माफी मांगने की मांग की.

कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया. जिलाध्यक्ष ने कहा कि धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में प्रदेश के कई जिलों में डीएपी खाद और बीज की कमी से किसान परेशान हैं. उन्होंने सरकार से किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग की.

स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में उपभोक्ताओं के यहां जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे बिजली बिल बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं.  पार्टी ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान कराने की मांग की.

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा. इस दौरान राजनाथ पाण्डेय, उषा सिंह, संतोष चौबे, सत्य प्रकाश, मुन्ना उपाध्याय, सागर सिंह राहुल, अबुल फैज़, राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.