Ballia Weather Update: बारिश से बलिया में किसानों के चेहरे खिले, लेकिन जलभराव ने खोली शहर की बदहाल व्यवस्था

Newzo

20 Jul 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 05:45 PM)

Ballia Rain News: बलिया में लगातार दो दिनों की बारिश ने दो तस्वीरें एक साथ सामने ला दीं. खेतों में पानी पहुंचने से किसानों के चेहरे खिल उठे, लेकिन शहर की सड़कों पर जलभराव और बदहाल निकासी व्यवस्था ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. राहत और आफत के बीच प्रशासनिक तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

 बारिश से बलिया में किसानों के चेहरे खिले, लेकिन जलभराव ने खोली शहर की बदहाल व्यवस्था

बारिश से बलिया में किसानों के चेहरे खिले, लेकिन जलभराव ने खोली शहर की बदहाल व्यवस्था

Google CTA

Ballia Rain News: जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. झमाझम बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है. धान समेत खरीफ की फसलों की रोपाई के लिए खेतों में पर्याप्त नमी बनने से किसानों में खुशी का माहौल है. हालांकि दूसरी ओर शहर में जलभराव और बदहाल निकासी व्यवस्था ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

यह भी पढ़ें...

सड़कों पर भरा पानी, स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को परेशानी

लगातार बारिश के चलते शहर की कई प्रमुख सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं. कलेक्ट्रेट से लेकर एनएच-31 तक कई स्थानों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित रहा.सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और राहगीरों को घुटनों तक पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा. जलभराव के कारण बाजारों में भी ग्राहकों की आवाजाही कम रही, जिससे छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा.

सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

बारिश के बीच शहर की सफाई व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई. मानदेय की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे रहे. वहीं नालों की सफाई के दौरान निकाली गई गाद और कचरा सड़कों पर ही छोड़ दिए जाने से बारिश के पानी के साथ गंदगी फैल गई, जिससे लोगों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा.

किसानों के लिए राहत, शहरवासियों के लिए आफत

किसानों का कहना है कि यह बारिश धान और अन्य खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक है और इससे सिंचाई की आवश्यकता कम होगी. वहीं शहरवासियों ने जल निकासी की खराब व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर नाराजगी जताई. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है.