Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में उभांव पुलिस ने गौ तस्करी की कमर तोड़ दी है. थाना उभांव पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार गौ तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है.
ADVERTISEMENT
पहला मामला, रात के अंधेरे में दबोचा गया तस्कर
उभांव थाने के उपनिरीक्षक सुमित कुमार अपनी टीम के साथ चौकिया मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे. तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो गाड़ियां एक पिकअप और एक बोलेरो मैजिक तेज रफ्तार में भीटा भुवारी की ओर से आ रही हैं. पुलिस ने नाकेबंदी कर रुकने का इशारा किया तो तस्करों में खलबली मच गई.
पुलिस को देख तस्कर भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर एक तस्कर सच्चिदानन्द यादव उर्फ अजय यादव निवासी सूरजपुर, मधुबन मऊ को दबोच लिया. तलाशी लेने पर पिकअप और मैजिक से 5 गोवंश और एक चाकू बरामद हुआ. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.
दूसरा मामला, तड़के सुबह पुलिस के हत्थे चढ़े 3 तस्कर
अभी पहली कार्रवाई की चर्चा थमी भी नहीं थी कि प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक की टीम ने दूसरी सफलता हासिल कर ली. तड़के सुबह सूचना मिली कि दो मैजिक गाड़ियां हल्दिरामपुर लिंक रोड से गुजर रही है.
पुलिस की आहट पाते ही ड्राइवर ने गाड़ियां भागने की कोशिश की, लेकिन बारिश और कीचड़ के कारण वह पुलिस के जाल में फंस गए. पुलिस ने घेराबंदी कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने गणेश यादव, कन्हैया यादव और दीपक कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया है.
पकड़े गए तीनों अभियुक्तों के पास से आठ गोवंश और तीन रामपुरी चाकू बरामद हुए है. पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से जेल भेज दिया है.
बलिया के उभाव थाने की पुलिस के इस एक्शन ने साफ कर दिया है कि जिले में पशु तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. तस्कर चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, पुलिस की नजर से बचना नामुमकिन है.
ADVERTISEMENT











