Ballia News: उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को विकास भवन में आयोजित की गई. बैठक में हज यात्रा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई गई.
ADVERTISEMENT
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सदस्य जावेद कमर खान, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडे, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री सरदार विश्वजीत सिंह, जिला महामंत्री मोमिन अहमद, जिला उपाध्यक्ष रेयाज अहमद सहित जिले की विभिन्न मस्जिदों के इमाम, मौलाना, धर्मगुरु एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार हज यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि हज यात्रा के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या या असुविधा सामने आती है तो उसके त्वरित समाधान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
बैठक के दौरान इमामों, मौलानाओं एवं धर्मगुरुओं से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की मस्जिदों और मदरसों के माध्यम से लोगों को हज यात्रा की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, तैयारियों और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग हज यात्रा का लाभ उठा सकें.
बैठक में हज व्यवस्था को और अधिक सुगम, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया. उपस्थित लोगों ने हज यात्रियों की समस्याओं के समाधान और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए सुझाव भी दिए. अंत में सभी ने हज यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया.
ADVERTISEMENT











