Ballia News: बलिया में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आगाज़, एक दिन में 39.02 लाख पौधे लगाए गए

Newzo

• 04:45 PM • 12 Jul 2026

Ballia Plantation Drive News: बलिया में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को 39.02 लाख से अधिक पौधे लगाए गए. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अभियान का शुभारंभ कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़कर पौधे लगाने व उनका संरक्षण करने की अपील की.

बलिया में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आगाज़, एक दिन में 39.02 लाख पौधे लगाए गए

बलिया में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आगाज़, एक दिन में 39.02 लाख पौधे लगाए गए

Google CTA

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ विकास खंड दुबहड़ के ग्राम विशुनपुरा (प्रतापपुर कला) स्थित श्री गरीबनाथ महादेव मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ. कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

यह भी पढ़ें...

इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, वन विभाग के नोडल अधिकारी नीतीश कुमार सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अपने-अपने नाम से पौधे लगाए. कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि जिलाधिकारी ने परिवहन मंत्री को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया.

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत एक ही दिन पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने बताया कि बलिया जिले में इस अभियान के अंतर्गत 39 लाख 2 हजार 300 पौधों का रोपण किया गया है.

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग ढाई सौ करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं. सड़क निर्माण और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे जैसी विकास परियोजनाओं के दौरान कटे पेड़ों की भरपाई के लिए सरकार दोगुने पौधे लगाने का प्रयास कर रही है, ताकि पर्यावरणीय संतुलन बना रहे.

परिवहन मंत्री ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी बच्चों की तरह देखभाल करे. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई.

वन विभाग की ओर से परिवहन मंत्री सहित सभी अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया. इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एडीएम अभिनेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जय प्रकाश शाहू, वन विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.