भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह अपने बिंदास अंदाज और बेबाक बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहती हैं. हालांकि कई बार उनके यही बेबाक बोल और गाने नए विवादों को जन्म दे देते हैं. उनके आलोचकों का मानना है कि वे जानबूझकर अपने अतीत से जुड़े लोगों जैसे पवन सिंह या खेसारी लाल यादव के गानों का जवाब देने के लिए गाने बनाती हैं और कंट्रोवर्सी में घिर जाती हैं. हाल ही में बिहार Tak से एक खास बातचीत के दौरान अक्षरा सिंह ने इन सभी आरोपों पर खुलकर बात की और आलोचकों को करारा जवाब दिया.
ADVERTISEMENT
मैं कंट्रोवर्सी नहीं करती सच बोलती हूं-अक्षरा सिंह
जब अक्षरा से पूछा गया कि वे अक्सर विवादों से क्यों घिर जाती हैं तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया 'मैं कोई कंट्रोवर्सी नहीं करती, मैं बस सच बोलती हूं. मुझे झूठ बोलना नहीं आता. जो मेरे दिल में होता है,मैं वही बोल देती हूं. इसी वजह से मैं आधे लोगों को अच्छी लगती हूं और आधे लोगों को बुरी.'
आलोचकों और गानों के रिप्लाई पर जवाब
पवन सिंह के गाने रंगबाज के जवाब में 'दगाबाजी करे वाला रंगबाजी ना करे' और खेसारी लाल के 'आरा का करे जालू' के जवाब में आए गानों को लेकर जब सवाल हुआ तो अक्षरा भड़क गईं. अक्षरा ने कहा 'यह सवाल आलोचकों को इंडस्ट्री के पुरुषों से पूछना चाहिए कि वे ऐसे गाने क्यों बनाते हैं? जब मेरे ऊपर गाने बनते थे तब तो किसी आलोचक ने सवाल नहीं उठाया.'
किसी के लिए गाना गाने का समय नहीं
उन्होंने साफ किया कि वे अपने दर्शकों के मनोरंजन के लिए गाने बनाती हैं न कि किसी व्यक्तिगत इंसान को टारगेट करने के लिए.उनके पास किसी के लिए गाना गाने का फालतू वक्त नहीं है.
गानों का रिप्लाई या बाजार की मांग?
अक्षरा के हालिया गानों की टाइमिंग को लेकर जब पूछा गया कि क्या यह जानबूझकर दिया गया जवाब था तो उन्होंने कहा 'बाजार में जिस तरह का कंटेंट चलता है, राइटर्स के साथ डिस्कशन करके वैसा ही गाना डिलीवर किया जाता है. अगर लड़कों के पक्ष में गाने बन सकते हैं तो लड़कियों के पक्ष में भी बनने चाहिए.'
मैं नारी सशक्तिकरण के साथ खड़ी हूं-अक्षरा सिंह
अक्षरा ने आगे कहा कि वे किसी के निशाने पर रहने के बजाय महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाने का काम कर रही हैं. 'मैंने किसी का ठेका नहीं लिया है. लेकिन एक औरत होने के नाते और आज के भारत की लड़की होने के नाते मैं हमेशा लड़कियों के हक में स्टैंड लूंगी. चाहे वह कोई एक्ट्रेस हो या घर में रहने वाली साधारण लड़की.'
अक्षरा ने माना कि लाखों लड़कियां उन्हें अपनी प्रेरणा मानती हैं. ऐसे में एक कलाकार के तौर पर समाज को सही संदेश देना उनकी जिम्मेदारी है.
ADVERTISEMENT











