CM योगी के साइन वाली BJP की चिट्ठी ने चौंकाया, 209 टिकटों की लिस्ट पर आया खंडन, चुनाव से पहले क्या चल रहा सियासी खेल?

कुमार अभिषेक

• 12:35 PM • 16 Nov 2026

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के भीतर प्रत्याशियों के चयन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. पिछले कुछ दिनों से एक खबर चर्चा में थी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार कर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है.

CM योगी और यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी

CM योगी और यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी (फोटो-एआई)

Google CTA

BJP Clarification On Candidate List: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के भीतर प्रत्याशियों के चयन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. पिछले कुछ दिनों से एक खबर चर्चा में थी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार कर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है. इस चर्चा पर अब बीजेपी उत्तर प्रदेश ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सफाई दी है. खास बात यह है कि इस खंडन पत्र पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों के हस्ताक्षर हैं. पार्टी ने 209 उम्मीदवारों की कथित सूची को पूरी तरह निराधार और काल्पनिक बताया है. अब सवाल उठ रहा है कि आखिर इस खबर का खंडन करने के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को एक साथ सामने क्यों आना पड़ा?

यह भी पढ़ें...

बीजेपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर क्या कहा?

बीजेपी उत्तर प्रदेश के लेटरहेड पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में 209 प्रत्याशियों की कथित सूची तैयार करने और उसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं. पार्टी ने इन खबरों को असत्य, निराधार, काल्पनिक और मनगढ़ंत बताया है. विज्ञप्ति में साफ कहा गया है कि प्रदेश नेतृत्व या भारतीय जनता पार्टी की ओर से ऐसी कोई सूची न तो तैयार की गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है. पार्टी ने यह भी कहा कि उम्मीदवारों के चयन की एक सुव्यवस्थित लोकतांत्रिक और संगठनात्मक प्रक्रिया है, जो अभी शुरू नहीं हुई है. बीजेपी ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें और केवल पार्टी के अधिकृत मंचों से जारी सूचनाओं को ही प्रमाणिक मानें.

5 दिन तक चर्चा के बाद आया आधिकारिक खंडन

दरअसल, एक मीडिया संस्थान की ओर से कुछ दिन पहले खबर चलाई गई थी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 संभावित उम्मीदवारों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है. इसके बाद पार्टी के भीतर इस सूची को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं. अलग-अलग तरह के दावे सामने आने लगे. कहीं इसे मुख्यमंत्री की पसंद के उम्मीदवारों की सूची बताया गया तो कहीं कहा गया कि ये वे सीटें हैं, जहां संभावित प्रत्याशियों को लेकर संगठन की स्थिति पहले से स्पष्ट है. इस दौरान कई नेताओं और टिकट के दावेदारों के बीच भी अपने नाम को लेकर चर्चा शुरू हो गई. करीब पांच दिन बाद पार्टी ने आधिकारिक तौर पर इस खबर का खंडन किया. इससे पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी ऐसी किसी सूची के भेजे जाने की बात को गलत बता चुके थे.

यह भी पढ़ें- आजम खान की जमानत याचिका पर आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में होगी सुनवाई, शाम 4:30 बजे खत्म हो रही ED की कस्टडी

 

लोकसभा चुनाव के बाद भी उठा था टिकटों का सवाल

इस पूरे मामले को 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी के भीतर बने राजनीतिक नैरेटिव से भी जोड़कर देखा जा रहा है. उस चुनाव में उत्तर प्रदेश में बीजेपी को बड़ा झटका लगा था. समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी. चुनाव के बाद चर्चा चली थी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुछ मौजूदा सांसदों के टिकट बदलने और कुछ नए चेहरों को मौका देने की सलाह दी थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई. करीब 36 सीटों को लेकर ऐसे दावे सामने आए थे, जिनमें कहा गया कि उम्मीदवारों के चयन में मुख्यमंत्री की राय को महत्व नहीं दिया गया. हालांकि, ये चुनाव के बाद सामने आया राजनीतिक दावा और चर्चा थी. इसी वजह से 2027 के चुनाव से पहले 209 उम्मीदवारों की कथित सूची की खबर को भी अहम माना जा रहा था.

दिल्ली और लखनऊ के बीच संदेश देने की कोशिश?

इस प्रेस विज्ञप्ति को लेकर एक सियासी विश्लेषण यह भी है कि बीजेपी नेतृत्व 2027 के चुनाव से पहले किसी तरह के भ्रम या अंदरूनी मतभेद की चर्चा को बढ़ने से रोकना चाहता है. ऐसा बताया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव की कमान सौंपकर उन्हें अधिक जिम्मेदारी दे रहा है. ऐसे में अगर 209 उम्मीदवारों की सूची को मुख्यमंत्री की पसंद बताकर प्रचारित किया जाता और बाद में टिकट बंटवारे में बदलाव होता, तो फिर यह सवाल उठ सकता था कि क्या मुख्यमंत्री की राय को नहीं माना गया. इससे चुनाव से पहले एक नया राजनीतिक नैरेटिव बन सकता था. ऐसे में दोनों शीर्ष नेताओं के हस्ताक्षर वाला खंडन इस तरह की अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

यह भी पढ़ें- कानपुर में पोस्ट ऑफिस में सालों तक जमा करते रहे पैसा, मैच्योरिटी पर खाते में निकला जीरो बैलेंस

 

अब टिकट चयन की आधिकारिक प्रक्रिया पर रहेगी नजर

बीजेपी ने अपने बयान में साफ किया है कि प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है. पार्टी के मुताबिक उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों से होते हुए प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचते हैं. इसके बाद संबंधित बैठकों और संसदीय बोर्ड की प्रक्रिया के तहत अंतिम निर्णय लिया जाता है. ऐसे में 209 उम्मीदवारों की कथित सूची को लेकर जारी खंडन के बाद अब नजर इस बात पर रहेगी कि 2027 के चुनाव के लिए बीजेपी कब और किस तरह उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू करती है. साथ ही यह भी देखना होगा कि चुनाव के दौरान प्रदेश नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व के बीच तालमेल किस तरह सामने आता है.