उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की योगी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है. शासन की ओर से जारी तबादला सूची में प्रदेश के 38 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है. इस बड़े बदलाव के तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष समेत सीतापुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जैसे अहम जिलों के जिलाधिकारी (DM) बदल दिए गए हैं. इसके अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण और गाजियाबाद व वाराणसी नगर निगम में भी नई तैनातियां की गई हैं.
ADVERTISEMENT
इन प्रमुख जिलों में तैनात हुए नए DM
शासन द्वारा जारी सूची के मुताबिक कई जिलों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है.
अनुज सिंह: मुख्यमंत्री के विशेष सचिव पद से हटाकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है.
प्रथमेश कुमार: एलडीए वीसी पद से हटाकर सीतापुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.
राजा गणपति आर: सीतापुर के जिलाधिकारी पद से हटाकर सूडा (SUDA) का निदेशक बनाया गया है.
गौरव सिंह सोगरवाल: महराजगंज से स्थानांतरित कर सिद्धार्थनगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है.
शिवशरणप्पा जी.एन: सिद्धार्थनगर से हटाकर महराजगंज का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.
सुनील कुमार सिंह: ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) पद से हटाकर मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है.
जोगिंद्र सिंह: विशेष सचिव (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति) से हटाकर बिजनौर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.
प्राधिकरणों (Noida, Greater Noida, YEIDA) और नगर निगमों में बड़े बदलाव
NCR और प्रमुख शहरों के विकास प्राधिकरणों और नगर निगमों में भी बड़े पैमाने पर अधिकारियों की अदला-बदली की गई है.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा: बरेली मंडल की अपर आयुक्त रहीं प्रीति जायसवाल को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) बनाया गया है. वहीं मेरठ की मुख्य विकास अधिकारी रहीं नूपुर गोयल और बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के एसीईओ रहे प्रवीण वर्मा को ग्रेटर नोएडा का नया ACEO नियुक्त किया गया है. उधर नोएडा की एसीईओ वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है.
यमुना प्राधिकरण (YEIDA): मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा, अयोध्या के सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह और फिरोजाबाद के सीडीओ शत्रोहन वैश्य को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का नया अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है.
नगर निगम और अन्य प्राधिकरण: वाराणसी के नगर आयुक्त रहे हिमांशु नागपाल को अब गाजियाबाद का नया नगर आयुक्त बनाया गया है.जबकि गाजियाबाद के नगर आयुक्त रहे विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष व संभागीय खाद्य नियंत्रक नियुक्त किया गया है. वहीं गोरखपुर के सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है.
ADVERTISEMENT











