दिल्ली से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने त्योहार के दौरान दो आरक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. उत्तर रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, नई दिल्ली से पटना और दरभंगा के लिए ये ट्रेनें 12 नवंबर से चलेंगी.
ADVERTISEMENT
दोनों ट्रेनों के रास्ते में यूपी के कई प्रमुख रेलवे स्टेशन पड़ेंगे. इनमें गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया और छपरा जैसे स्टेशन शामिल हैं. रेलवे ने दोनों रूट पर जाने और वापसी की तारीख के साथ स्टेशनवार समय भी जारी किया है. आइए जानते हैं कि कौन सी ट्रेन कब चलेगी और यूपी के किन स्टेशनों पर रुकेगी.
नई दिल्ली से पटना के लिए 12 नवंबर को चलेगी ट्रेन
रेलवे की ओर से ट्रेन नंबर 04068 नई दिल्ली-पटना जंक्शन रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल 12 नवंबर 2026 को चलाई जाएगी. ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शाम 7 बजे रवाना होगी. 13 नवंबर को दोपहर 3 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी.
इस ट्रेन का ठहराव गाजियाबाद, टुंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर में होगा.
यूपी के यात्रियों के लिए प्रयागराज और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन इस रूट के प्रमुख ठहराव हैं. ट्रेन गाजियाबाद से रात 7:33 बजे पहुंचेगी और 7:35 बजे रवाना होगी. टुंडला में रात 10:40 से 10:45 बजे तक रुकेगी. गोविंदपुरी में अगले दिन सुबह 3:13 से 3:18 बजे तक इसका ठहराव रहेगा.
प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेन सुबह 6:35 बजे पहुंचेगी और 6:45 बजे रवाना होगी. इसके बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर सुबह 11:25 बजे पहुंचेगी. यहां से 11:35 बजे आगे के लिए रवाना होगी.
आगे बक्सर में दोपहर 12:55 से 12:57 बजे, आरा में 1:43 से 1:45 बजे और दानापुर में 2:18 से 2:20 बजे तक ठहराव होगा. पटना जंक्शन पर ट्रेन दोपहर 3 बजे पहुंचेगी.
पटना से दिल्ली वापसी का शेड्यूल
इस रूट पर वापसी के लिए ट्रेन नंबर 04067 पटना जंक्शन-नई दिल्ली रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल 13 नवंबर 2026 को चलेगी. पटना जंक्शन से शाम 6 बजे रवाना होगी और अगले दिन यानी 14 नवंबर को दोपहर 2 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन दानापुर से शाम 6:41 बजे रवाना होगी. आरा में शाम 7:18 से 7:20 बजे तक और बक्सर में रात 8:08 से 8:10 बजे तक रुकेगी. पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर रात 9:40 से 9:50 बजे तक इसका ठहराव होगा.
इसके बाद प्रयागराज जंक्शन पर रात 1:40 बजे पहुंचेगी और 1:50 बजे रवाना होगी. गोविंदपुरी में सुबह 5:10 से 5:15 बजे, टुंडला में सुबह 8:55 से 9 बजे और गाजियाबाद में दोपहर 1:06 से 1:08 बजे तक ठहराव रहेगा. ट्रेन दोपहर 2 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
दिल्ली से दरभंगा के लिए भी 12 नवंबर को चलेगी स्पेशल ट्रेन
दूसरी ट्रेन नई दिल्ली से बिहार के दरभंगा के लिए चलाई जाएगी. ट्रेन नंबर 04080 नई दिल्ली-दरभंगा जंक्शन रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल 12 नवंबर 2026 को रात 10:30 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी.
इस ट्रेन के रूट में यूपी के कई बड़े शहर शामिल हैं. गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, औड़िहार, गाजीपुर सिटी और बलिया में इसका ठहराव होगा. इसके अलावा छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर होते हुए दरभंगा पहुंचेगी.
ट्रेन गाजियाबाद में रात 11:03 बजे पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी. अलीगढ़ में अगले दिन रात 1:20 से 1:22 बजे तक रुकेगी. कानपुर सेंट्रल पर सुबह 6:25 बजे पहुंचेगी और 6:30 बजे रवाना होगी.
प्रयागराज जंक्शन पर सुबह 11:30 से 11:40 बजे तक इसका ठहराव रहेगा. इसके बाद ज्ञानपुर रोड पर दोपहर 12:32 से 12:34 बजे और वाराणसी में दोपहर 2:10 से 2:20 बजे तक ट्रेन रुकेगी.
आगे औड़िहार जंक्शन पर दोपहर 3:15 से 3:17 बजे, गाजीपुर सिटी में शाम 4 से 4:05 बजे और बलिया में शाम 5 से 5:02 बजे तक ठहराव होगा. सुरेमनपुर में शाम 5:37 से 5:39 बजे और छपरा जंक्शन पर शाम 6:55 से 7:05 बजे तक ट्रेन रुकेगी.
इसके बाद ट्रेन सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर होते हुए दरभंगा पहुंचेगी. समस्तीपुर में रात 11:10 बजे पहुंचकर 11:40 बजे रवाना होगी. लहेरियासराय में अगले दिन रात 12:33 से 12:35 बजे तक ठहराव होगा. दरभंगा जंक्शन पर 14 नवंबर की रात 1 बजे ट्रेन पहुंचेगी.
दरभंगा से दिल्ली लौटने वाली ट्रेन कब चलेगी?
दरभंगा से नई दिल्ली के लिए ट्रेन नंबर 04079 दरभंगा जंक्शन-नई दिल्ली रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल 14 नवंबर 2026 को चलाई जाएगी. यह ट्रेन दरभंगा जंक्शन से सुबह 4 बजे रवाना होगी. अगले दिन यानी 15 नवंबर को सुबह 7:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन लहेरियासराय से सुबह 4:10 बजे रवाना होगी. समस्तीपुर में सुबह 5 बजे पहुंचकर 5:30 बजे चलेगी. मुजफ्फरपुर में सुबह 6:30 से 6:35 बजे, हाजीपुर में 7:30 से 7:35 बजे और सोनपुर में 7:48 से 7:50 बजे तक ठहराव होगा.
छपरा जंक्शन पर सुबह 9:55 से 10:05 बजे तक ट्रेन रुकेगी. इसके बाद सुरेमनपुर में 10:40 से 10:42 बजे, बलिया में 11:26 से 11:28 बजे और गाजीपुर सिटी में दोपहर 12:30 से 12:40 बजे तक ठहराव रहेगा.
औड़िहार जंक्शन पर दोपहर 1:33 से 1:35 बजे, वाराणसी में 3 से 3:10 बजे और ज्ञानपुर रोड पर शाम 4:08 से 4:10 बजे तक ट्रेन रुकेगी. प्रयागराज जंक्शन पर शाम 5:50 बजे पहुंचेगी और 6 बजे रवाना होगी.
इसके बाद कानपुर सेंट्रल पर रात 9:45 से 9:50 बजे, अलीगढ़ में अगले दिन रात 2:46 से 2:48 बजे और गाजियाबाद में सुबह 6:45 से 6:47 बजे तक ठहराव होगा. ट्रेन सुबह 7:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
किस ट्रेन में किस तरह के कोच होंगे?
उत्तर रेलवे की ओर से जारी पोस्टर के मुताबिक, नई दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल क्लास के कोच होंगे. इस ट्रेन में अमृत भारत रेक का इस्तेमाल किया जाएगा.
नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेन में भी एसी, स्लीपर और जनरल क्लास की सुविधा रहेगी. हालांकि, जारी सूचना में दोनों ट्रेनों के कोच की अलग-अलग संख्या नहीं बताई गई है.
ये भी पढ़ें- नोएडा मेट्रो विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी, 8.44km लंबे कॉरिडोर में बनेंगे 5 नए स्टेशन
ADVERTISEMENT











