लेटेस्ट न्यूज़

नोएडा मेट्रो विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी, 8.44km लंबे कॉरिडोर में बनेंगे 5 नए स्टेशन

नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी है. एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी मिल गई है. नए रूट पर पांच स्टेशन बनेंगे और दिल्ली मेट्रो से जुड़ने का रास्ता भी खुलेगा.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों के लिए मेट्रो से सफर करना आसान होने वाला है. केंद्र सरकार की कैबिनेट ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन को सेक्टर-51 से आगे ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है. इस विस्तार के तहत 8.449 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा. इस रूट पर कुल पांच नए स्टेशन होंगे.

इस परियोजना से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के उन लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें अभी मेट्रो पकड़ने के लिए सड़क मार्ग से दूसरे सेक्टरों तक जाना पड़ता है. नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 71.878 किलोमीटर हो जाएगी.

सरकार की योजना इस परियोजना को चार साल में पूरा करने की है. इसके लिए करीब 2,390 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत बताई गई है. नई लाइन को दिल्ली मेट्रो से जोड़ने के लिए नोएडा सेक्टर-61 पर इंटरचेंज की सुविधा भी प्रस्तावित है.

कहां से कहां तक बनेगी नई मेट्रो लाइन?

अभी नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन तक चलती है. प्रस्तावित विस्तार में सेक्टर-51 से आगे ग्रेटर नोएडा वेस्ट होते हुए सेक्टर-4 तक मेट्रो पहुंचाई जाएगी.

इस कॉरिडोर की लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी और इसके सभी पांच स्टेशन एलिवेटेड यानी जमीन से ऊपर बनाए जाएंगे. सेक्टर-61 पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से कनेक्टिविटी मिलने का प्रस्ताव है. इससे यात्रियों को नोएडा और दिल्ली के दूसरे हिस्सों तक पहुंचने के लिए मेट्रो बदलने की सुविधा मिलेगी.

मेट्रो के पांच नए स्टेशन कहां बनेंगे?

नई लाइन पर पांच स्टेशन बनाए जाएंगे. पूरा कॉरिडोर एलिवेटेड होगा. मेट्रो सड़क के ऊपर बने ट्रैक पर चलेगी. इस रूट में नोएडा सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 को शामिल करने की योजना है.

गौर चौक और पर्थला चौक पर ट्रैफिक का दबाव होगा कम

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बड़ी संख्या में आवासीय सोसायटियां विकसित हो चुकी हैं. यहां रहने वाले काफी लोग नौकरी और कारोबार के सिलसिले में नोएडा, दिल्ली और एनसीआर के दूसरे शहरों में आते-जाते हैं. फिलहाल सड़क परिवहन पर निर्भरता अधिक होने के कारण कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव रहता है.

नई मेट्रो लाइन शुरू होने से पर्थला चौक, गौर चौक और एक मूर्ति चौक के आसपास सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है. रोजाना ऑफिस जाने वाले लोगों को निजी कार और दोपहिया वाहनों के बजाय मेट्रो से सफर करने का विकल्प मिलेगा.

दिल्ली एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों तक पहुंचना होगा आसान

इस मेट्रो कॉरिडोर का फायदा केवल नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक सीमित नहीं रहेगा. सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन से जुड़ने के बाद यात्री दिल्ली के अलग-अलग इलाकों तक जा सकेंगे. ब्लू लाइन के जरिए नई दिल्ली, आनंद विहार और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों तक पहुंचना आसान होगा.

ब्लू लाइन से आगे मैजेंटा लाइन के जरिए इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक भी पहुंचा जा सकेगा. इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब से भी इस नेटवर्क को जोड़ने की योजना है. वहां रेलवे, बस और दूसरे परिवहन साधनों की सुविधा विकसित की जा रही है.

प्रस्तावित आरआरटीएस कॉरिडोर के जरिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) और हिंडन एयरपोर्ट तक पहुंचने की कनेक्टिविटी भी बेहतर होने की उम्मीद है. हालांकि, इन सभी जगहों तक पहुंचने के लिए यात्रियों को संबंधित इंटरचेंज पर परिवहन का साधन बदलना होगा.

ये भी पढ़ें- यूपी में सिपाही से दारोगा बने जवानों को योगी सरकार की राहत, 8 लाख रुपये तक की रिकवरी माफ