लेटेस्ट न्यूज़

बागपत में गोली लगने से घायल हुए राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ तोमर अब खतरे से बाहर, अस्पताल से जारी किया Video

बागपत में राष्ट्रपति भवन के अंगरक्षक सौरभ तोमर अब खतरे से बाहर हैं. अस्पताल से वीडियो जारी कर उन्होंने गोली मारने वाले युवक का नाम भी बताया है.

ADVERTISEMENT

Saurabh Tomar News
Saurabh Tomar News
social share
Google CTA

Saurabh Tomar News: उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली की रात राष्ट्रपति भवन में तैनात अंगरक्षक सौरभ तोमर को गोली मारने के मामले में नई जानकारी सामने आई है. गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती सौरभ अब खतरे से बाहर हैं. उन्होंने अस्पताल से अपना एक वीडियो जारी कर बताया है कि उन्हें गोली मारने वाला कौन है. सौरभ ने वीडियो में धीरज नाम के युवक का जिक्र किया है, जो उनके ही गांव का रहने वाला है. उन्होंने यह भी बताया कि मामले में थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है और पुलिस कार्रवाई कर रही है.

सौरभ ने बताई आरोपी की पहचान

सौरभ तोमर ने अस्पताल से वीडियो जारी कर अपना परिचय दिया. उन्होंने कहा, 'मेरा नाम सौरभ है. मैं प्रेसिडेंट अंगरक्षक में कार्यरत हूं. जिसने मेरे गोली मारी हो उसका नाम धीरज है. मेरे गांव का ही रहने वाला है और थाना मेरे थाना में शिकायत दर्ज करा दी गई है. पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है और मैं अब सुरक्षित हूं.' इस वीडियो में सौरभ ने खुद को सुरक्षित बताया है. दिवाली की रात सिर में गोली लगने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी, लेकिन अब वह खतरे से बाहर हैं.



यह भी पढ़ें- गाजीपुर में समोसा खाते मोहम्मद कौसेन को गोलियों से भूना, शुभम चौबे ने पब्लिक के सामने किया कांड

 

पटाखे चलाने को लेकर हुआ था विवाद

यह पूरा मामला बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव का है. गांव निवासी सौरभ तोमर साल 2021 में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में भर्ती हुए थे. फिलहाल उनकी तैनाती राष्ट्रपति भवन में है. दिवाली मनाने के लिए वह दो दिन पहले छुट्टी लेकर गांव आए थे. रविवार रात वह अपने भाई विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर गली में पटाखे चला रहे थे. इसी दौरान गांव के धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंच गए. पटाखे चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो मारपीट तक पहुंच गई.

सिर में कान के पीछे लगी थी गोली

सौरभ पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण ने पटाखे चलाने का विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी थी. आरोप है कि इसके बाद दोनों ने सौरभ और उनके भाइयों के साथ मारपीट की. इसी दौरान धीरज ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी. गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के सिर में कान के पीछे जा लगी. गोली सिर में ही फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों का आरोप है कि सौरभ को बचाने पहुंचे उनके भाई विनीत और मिंटू के साथ भी मारपीट की गई. इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए.

ICU में चल रहा था इलाज

गोली लगने के बाद परिजन सौरभ को बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन परिजन उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके सिर में फंसी गोली निकाल दी. इसके बाद भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और उन्हें आईसीयू में भर्ती रखा गया था. अब सौरभ ने खुद वीडियो जारी कर बताया है कि वह सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर हैं.

यह भी पढ़ें- CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, रामपुर में 7 जवानों की ली थी जान

 

गिरफ्तारी और सजा की मांग

इससे पहले यूपी Tak से बातचीत में सौरभ के भाई ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी. जब उनसे पूछा गया कि परिवार किस तरह की कार्रवाई चाहता है, तो उन्होंने कहा, “आरोपी पकड़े जाएं और उन्हें सजा हो.” परिवार को किसी तरह का खतरा होने के सवाल पर उन्होंने कहा, “नहीं जी, अभी तो कोई खतरा नहीं है. पुलिस वाले सुरक्षा दे रहे हैं.” भाई ने बताया था कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है और परिवार को उसकी कार्रवाई पर भरोसा है.

पुलिस ने बनाई तीन टीमें

मामले में सौरभ के पिता जनकराज की तहरीर के आधार पर धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. घटना की सूचना मिलने पर एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ अंशु जैन ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी. पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं.