बागपत में दिवाली की रात राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ तोमर के सिर में मारी गई गोली, भाई ने की आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग
बागपत में दिवाली की रात राष्ट्रपति भवन में तैनात अंगरक्षक सौरभ तोमर को गोली मार दी गई थी. अब उनके भाई ने यूपी Tak से बातचीत में आरोपियों की गिरफ्तारी और सजा की मांग की है. पुलिस ने तीन टीमें गठित कर दो लोगों को हिरासत में लिया है.
ADVERTISEMENT

Baghpat Saurabh Tomar News: उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली की रात राष्ट्रपति भवन में तैनात अंगरक्षक सौरभ तोमर को गोली मारने के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है. पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद में सौरभ के सिर में गोली लगी थी. वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं. अब यूपी Tak से बातचीत में सौरभ के भाई ने बताया कि परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें सजा दिलाने की मांग कर रहा है. परिवार ने फिलहाल किसी तरह का खतरा होने से इनकार किया है. वहीं, पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
दिवाली की छुट्टी पर गांव आए थे सौरभ
बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव निवासी सौरभ तोमर साल 2021 में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में भर्ती हुए थे. वर्तमान में उनकी तैनाती राष्ट्रपति भवन में है. दिवाली का त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए वह दो दिन पहले छुट्टी लेकर गांव आए थे. रविवार रात वह अपने भाई विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर गली में पटाखे चला रहे थे. इसी दौरान गांव के धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंचे. पटाखे चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गई.
यह भी पढ़ें- CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, रामपुर में 7 जवानों की ली थी जान
विवाद के बाद सौरभ के सिर में मारी गोली
सौरभ पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक पड़ोसी धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण ने पटाखे चलाने का विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी. आरोप है कि इसके बाद दोनों ने सौरभ और उनके भाइयों के साथ मारपीट की. इसी दौरान धीरज ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी. गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के सिर में कान के पीछे जा लगी. गोली उनके सिर में ही फंस गई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. परिजनों का आरोप है कि सौरभ को बचाने पहुंचे उनके भाई विनीत और मिंटू के साथ भी मारपीट की गई. इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए.
ऑपरेशन के बाद भी ICU में भर्ती हैं सौरभ
गोली लगने के बाद परिजन सौरभ को तत्काल बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन परिजन उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके सिर में फंसी गोली निकाल दी. इसके बावजूद उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती रखा गया है. परिवार के मुताबिक सौरभ की हालत को लेकर चिंता बनी हुई है.
भाई बोले- पुलिस कार्रवाई कर रही है
सौरभ के भाई ने बताया कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है. जब उनसे पूछा गया कि परिवार आरोपियों के खिलाफ किस तरह की कार्रवाई चाहता है, तो उन्होंने कहा, 'आरोपी पकड़े जाएं और उन्हें सजा हो.' उनसे यह भी पूछा गया कि क्या परिवार को अभी किसी तरह का खतरा है. इस पर उन्होंने कहा, 'नहीं जी, अभी तो कोई खतरा नहीं है. पुलिस वाले सुरक्षा दे रहे हैं.' भाई ने पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा जताया और कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है.
यह भी पढ़ें- सहारनपुर की 2 मुस्लिम बहनों के निकाह के कार्ड पर हिंदू दूल्हों के नाम देख भड़के लोग, शादी रुकवाने के लिए गार्डन मालिक को फोन पर दी धमकी
गांव में तैनात किए गए सुरक्षाकर्मी
घटना के बाद गांव में किसी तरह का तनाव न बढ़े और दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. सौरभ के परिवार और आरोपी पक्ष के लोग पड़ोसी हैं. ऐसे में पुलिस दोनों पक्षों के बीच स्थिति पर नजर रख रही है. परिवार का कहना है कि फिलहाल उन्हें कोई खतरा महसूस नहीं हो रहा है और पुलिस की ओर से सुरक्षा दी जा रही है.
पुलिस ने बनाई तीन टीमें
मामले में पुलिस ने सौरभ के पिता जनकराज की तहरीर के आधार पर धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. वारदात की सूचना मिलने पर एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ अंशु जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई थी. अब आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं. दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. बागपत के एसपी ने जल्द ही पूरी घटना का खुलासा करने का दावा किया है.
