लेटेस्ट न्यूज़

सहारनपुर की 2 मुस्लिम बहनों के निकाह के कार्ड पर हिंदू दूल्हों के नाम देख भड़के लोग, शादी रुकवाने के लिए गार्डन मालिक को फोन पर दी धमकी

Saharanpur Muslim Sisters Nikah News: सहारनपुर के गंगोह में दो मुस्लिम बहनों के निकाह का कार्ड वायरल होने के बाद विवाद हो गया है. कार्ड में दूल्हों के हिंदू नाम लिखे होने पर सवाल उठे हैं. परिवार का आरोप है कि शादी रुकवाने के लिए गार्डन मालिक को धमकी दी गई, जिसके बाद बहनों ने पुलिस से सुरक्षा मांगी है.

ADVERTISEMENT

Saharanpur Muslim Sisters Wedding Card
Saharanpur Muslim Sisters Wedding Card
social share
Google CTA

Saharanpur News: सहारनपुर के गंगोह में दो मुस्लिम बहनों के निकाह का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. कार्ड में दूल्हों के हिंदू नाम लिखे होने को लेकर कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं. दोनों बहनों का निकाह 12 नवंबर को होना है. परिवार का कहना है कि दूल्हे और उनके परिजन मुस्लिम हैं, लेकिन उनके यहां कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा है. बहनों का आरोप है कि कार्ड वायरल होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने शादी के लिए बुक किए गए गार्डन मालिक को फोन कर धमकी दी. इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत कर निकाह शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा मांगी है.

कार्ड वायरल होने के बाद शुरू हुआ विवाद

मामला गंगोह कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अनारकली का है. यहां रहने वाली दो सगी बहनों की शादी उनके माता-पिता ने तय की है. निकाह समारोह के लिए मोहल्ला मोहम्मद गौरी में बड़े कब्रिस्तान के पास एक गार्डन बुक कराया गया है. परिवार के मुताबिक सोशल मीडिया पर शादी का कार्ड वायरल होने के बाद दूल्हों के नाम को लेकर विवाद शुरू हुआ. परिवार का कहना है कि दोनों लड़के और उनके परिवार मुस्लिम हैं, लेकिन उनके यहां पहले से ऐसे नाम रखने की परंपरा चली आ रही है.

यह भी पढ़ें- CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, रामपुर में 7 जवानों की ली थी जान

 

दुल्हन के भाई ने क्या बताया?

दुल्हनों के भाई मोहम्मद शकील ने बताया कि कार्ड में दूल्हों के नाम हिंदू नामों जैसे होने के कारण ही इसे वायरल किया जा रहा है. उन्होंने कहा 'हम भी मुस्लिम हैं और वह भी मुस्लिम हैं, लेकिन उन लड़कों के नाम हिंदू लड़कों के नाम पर हैं. उनके परिवार में पहले से ही ऐसे नाम रखे जाते हैं.' शकील का कहना है कि नामों को लेकर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है, जबकि दोनों परिवार मुस्लिम हैं.

बड़ी बहन ने क्या बताया?

बड़ी बहन सलमा ने बताया कि वह अपनी इच्छा और माता-पिता की सहमति से शादी कर रही हैं. उन्होंने कहा, 'मैं अपनी मर्जी से और अपने मम्मी-पापा की मर्जी से शादी कर रही हूं.' सलमा के मुताबिक कार्ड वायरल होने के बाद पार्टी हॉल बुक करने वाले गार्डन मालिक को किसी ने फोन किया. आरोप है कि फोन करने वाले ने धमकी दी कि अगर शादी कराई तो हिंदू संगठन के लोगों को बुलाकर हंगामा करवाया जाएगा.

गार्डन मालिक को धमकी देने का आरोप

सलमा का आरोप है कि धमकी मिलने के बाद गार्डन मालिक भी कार्यक्रम कराने से पीछे हट रहा है. इससे शादी की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं. दुल्हनों की मां सुल्तान ने बताया कि जिस परिवार में उनकी बेटियों की शादी हो रही है, उससे पुरानी रिश्तेदारी है. उन्होंने कहा, 'वह लोग मुसलमान हैं, हम भी मुसलमान हैं. हमारी मर्जी से शादी हो रही है. मेरी बड़ी बेटी की शादी भी पहले इसी परिवार में हो रखी है. वहां इसी तरीके के नाम रखे जाते हैं.' उन्होंने बताया कि गार्डन मालिक को धमकी देने वाले के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है.

यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड के घर अचानक बारात लेकर पहुंचा बॉयफ्रेंड, लड़की के घर वालों ने कर दी पिटाई, फिर थाने में शिवानी ने लिया ये फैसला

 

जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा

दोनों बहनों ने गंगोह कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी है. उन्होंने धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने और निकाह के दौरान सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. मामले में सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने फोन पर बताया कि शिकायत मिली है और पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि फोन कॉल और धमकी के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.