CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, रामपुर में 7 जवानों की ली थी जान
उत्तर प्रदेश के रामपुर में साल 2007 के CRPF कैंप हमले के आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 10 नवंबर 2026 को अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया.
ADVERTISEMENT

Mohammad Sharif News: उत्तर प्रदेश के रामपुर में साल 2007 के CRPF कैंप हमले के आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 10 नवंबर 2026 को अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया. हमलावरों ने उसके सिर पर पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारी और कई राउंड फायरिंग की. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. शरीफ करीब एक साल पहले ही जेल से बाहर आया था. इस मामले में उसे पहले फांसी की सजा सुनाई गई थी, लेकिन बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या, आतंकवाद और साजिश के आरोपों से बरी कर दिया था.
2007 में CRPF ग्रुप सेंटर पर हुआ था हमला
मोहम्मद शरीफ उर्फ सुहैल उर्फ साजिद उर्फ अनवर उर्फ अली रामपुर का रहने वाला था. उसका नाम 31 दिसंबर 2007 और 1 जनवरी 2008 की दरमियानी रात रामपुर CRPF ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले में सामने आया था. इस हमले में 7 CRPF जवान और एक रिक्शा चालक की मौत हुई थी, जबकि 5 लोग घायल हुए थे. हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा ने ली थी. बताया जाता है कि पाकिस्तान में बैठा लश्कर का आतंकी सैफुल्लाह खालिद इस हमले का मास्टरमाइंड था.
यह भी पढ़ें- UP Election 2027: यूपी में वोटर लिस्ट का बदला शेड्यूल, अब 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट सूची
पहले सुनाई गई थी फांसी की सजा
रामपुर की अदालत ने 2019 में मोहम्मद शरीफ समेत चार आरोपियों- सबाउद्दीन, इमरान शहजाद और मोहम्मद फारुख को फांसी की सजा सुनाई थी. वहीं, जंग बहादुर खान को उम्रकैद मिली थी. इसके बाद 29 अक्टूबर 2025 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट का फैसला पलट दिया. कोर्ट ने जांच में गंभीर खामियां बताते हुए पांचों आरोपियों को हत्या, आतंकवाद और साजिश के आरोपों से बरी कर दिया. हालांकि, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-A) के तहत पांचों को 10 साल की सजा और एक लाख रुपये जुर्माना सुनाया गया.
नवंबर 2025 में जेल से आया था बाहर
हाईकोर्ट के फैसले के बाद मोहम्मद शरीफ नवंबर 2025 में बरेली सेंट्रल जेल से रिहा हुआ था. वह 17 साल 8 महीने और 10 दिन जेल में रहा था. उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. 11 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दी और आरोपियों को नोटिस जारी किया था. इसी बीच जेल से रिहाई के करीब एक साल बाद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इससे पहले 2025 में पाकिस्तान में लश्कर के आतंकी सैफुल्लाह खालिद की भी अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में पिंटू ने दोस्त के साथ मिलकर फेसबुक वाली GF पिंकी की कर दी हत्या, वारदात से पहले तीनों ने पी थी शराब
