संजय निषाद ने दिल्ली पहुंचकर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष से किसकी कर दी शिकायत, किन नेताओं से है नाराजगी?
ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के बीच सियासी खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं. निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर गठबंधन के भीतर भीतरघात करने वाले नेताओं की शिकायत की है.
Sanjay Nishad meet Nitin Nabin News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के बीच सियासी खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं. निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर गठबंधन के भीतर भीतरघात करने वाले नेताओं की शिकायत की है. संजय निषाद का आरोप है कि कुछ नेता लगातार उनके खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं और बीजेपी-निषाद पार्टी के गठबंधन को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने ऐसे नेताओं पर लगाम लगाने की मांग की है. मुलाकात के बाद संजय निषाद की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, नितिन नवीन ने भीतरघात करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के संकेत दिए हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर संजय निषाद की नाराजगी किन नेताओं से है और बीजेपी के लिए यह मामला कितना अहम है?
इन नेताओं से नाराजगी?
संजय निषाद की शिकायत का एक बड़ा हिस्सा बीजेपी के अंदर मौजूद निषाद, राजभर और दूसरे ओबीसी नेताओं से जुड़ा बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक बीजेपी में ऐसे कई नेता हैं, जिन्हें संजय निषाद को गठबंधन में मिल रही तवज्जो पसंद नहीं है. उन्हें लगता है कि निषाद पार्टी के साथ गठबंधन के कारण बीजेपी के अपने निषाद नेताओं की राजनीतिक अहमियत कम हो रही है. इसी नाराजगी के चलते कुछ नेता संजय निषाद के खिलाफ बयान देते रहे हैं. इनमें जयप्रकाश निषाद, नरेंद्र कश्यप और बाबूराम निषाद जैसे नामों की चर्चा है. जयप्रकाश निषाद और संजय निषाद के बीच पहले से राजनीतिक मतभेद रहे हैं. वहीं, बाबूराम निषाद भी संजय निषाद के बीजेपी पर हमलावर होने के दौरान उनके खिलाफ बयान देते रहे हैं. इसके अलावा पूर्वांचल के कुछ दूसरे ओबीसी नेताओं की ओर से भी विरोध की बात सामने आई है.
सीटों की दावेदारी भी बन सकती है टकराव की वजह
इस नाराजगी के पीछे आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों का बंटवारा भी एक अहम वजह माना जा रहा है. जानकारी के मुताबिक पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने निषाद पार्टी को 16 सीटें दी थीं, जबकि इस बार संजय निषाद की दावेदारी इससे ज्यादा बताई जा रही है. चर्चा है कि उन्होंने 30 सीटों की सूची भी सौंपी है. ऐसे में बीजेपी के भीतर मौजूद निषाद और दूसरे ओबीसी नेता भी अपने लिए टिकट चाहते हैं. उन्हें आशंका है कि गठबंधन के सहयोगियों को ज्यादा सीटें मिलने से उनकी दावेदारी प्रभावित हो सकती है. बताया जा रहा है कि कुछ नेताओं ने संजय निषाद को ज्यादा तवज्जो दिए जाने पर पार्टी छोड़ने तक की बात कही है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में पिंटू ने दोस्त के साथ मिलकर फेसबुक वाली GF पिंकी की कर दी हत्या, वारदात से पहले तीनों ने पी थी शराब
ओपी राजभर के साथ भी कुछ सीटों पर खींचतान
संजय निषाद और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बीच भी कुछ सीटों को लेकर खींचतान की चर्चा है. अतरौलिया सीट को लेकर संजय निषाद की नाराजगी सामने आई है. बताया जा रहा है कि राजभर ने अपने बेटे के लिए इस सीट पर दावा किया है. संजय निषाद की शिकायत है कि सीट को लेकर उनसे बातचीत किए बिना ही यह फैसला कैसे लिया गया. हालांकि, माना जा रहा है कि अगर राजभर अपने बेटे के लिए यह सीट चाहते हैं तो संजय निषाद इस पर समझौता कर सकते हैं. लेकिन कुछ दूसरी सीटों को लेकर दोनों सहयोगी दलों के बीच मतभेद की बात भी सामने आती रही है. इसके बावजूद संजय निषाद की ताजा शिकायतों का मुख्य निशाना बीजेपी के भीतर मौजूद विरोधी नेता बताए जा रहे हैं.
गठबंधन पर अंतिम फैसला अमित शाह की रणनीति से होगा तय
दरअसल, उत्तर प्रदेश में बीजेपी और निषाद पार्टी का गठबंधन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति का हिस्सा माना जाता है. संजय निषाद का कहना है कि कुछ नेता इस गठबंधन को कमजोर कर रहे हैं. वहीं, नितिन नवीन ने मुलाकात के दौरान गठबंधन को मजबूत बनाए रखने की बात कही. उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन पहले से बना हुआ है और इससे जुड़े विषय पर अमित शाह की भूमिका अहम है. संजय निषाद की यह शिकायत ऐसे समय आई है, जब बीजेपी 2027 के चुनाव के लिए सहयोगी दलों और संगठन के बीच तालमेल मजबूत करने में जुटी है. अब देखना होगा कि बीजेपी के भीतर उठ रहे असंतोष को कैसे संभाला जाता है और संजय निषाद की शिकायतों पर क्या कदम उठाए जाते हैं.
यह भी पढ़ें- 'पड़ोसी टिकट नहीं होने दे रहे…’ अखिलेश के इस तंज के पीछे संजय निषाद-ओपी राजभर का विवाद या कुछ और?
