देवरिया में दिवाली पर हर्ष फायरिंग कर बुरे फंसे भाजपा नेता, पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार
देवरिया में दिवाली के जश्न के दौरान भाजपा नेता ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग की और उसका वीडियो फेसबुक पर डाल दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. जांच में बंदूक के लाइसेंस को लेकर भी एक बात सामने आई.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के देवरिया में दिवाली के दिन हर्ष फायरिंग करना एक भाजपा नेता को भारी पड़ गया. आरोप है कि अभिषेक सिंह सेंगर ने 8 नवंबर की शाम अपने पिता की डबल बैरल बंदूक से हवाई फायरिंग की थी. उसने फायरिंग का वीडियो खुद अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर दिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मामला बघौचघाट थाना क्षेत्र के आनंद नगर का है. यहां रहने वाले भाजपा नेता अभिषेक सिंह सेंगर ने दिवाली के जश्न के दौरान बंदूक से हवाई फायरिंग की. इस दौरान उसने वीडियो भी बनाया और उसे फेसबुक पर पोस्ट कर दिया. कुछ ही समय में वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया.
पिता के नाम पर था बंदूक का लाइसेंस
पुलिस की जांच में बंदूक को लेकर एक और जानकारी सामने आई. जिस डबल बैरल बंदूक से फायरिंग की गई थी, उसका लाइसेंस अभिषेक के पिता कल्याण सिंह के नाम पर था. कुछ महीने पहले उनके पिता की मौत हो चुकी है. इसके बावजूद बंदूक का लाइसेंस बेटे के नाम ट्रांसफर नहीं हुआ था.
बंदूक का लाइसेंस अभी भी पिता के नाम पर ही था और उसका इस्तेमाल अभिषेक कर रहा था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बंदूक और मौके से मिले खोखे को अपने कब्जे में ले लिया है.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
सीओ सिटी संजय रेड्डी ने बताया कि सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. जांच में फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान आनंद नगर निवासी अभिषेक सिंह सेंगर के रूप में हुई.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से फायरिंग में इस्तेमाल की गई बंदूक और खोखा भी बरामद किया गया है. मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
