कारसेवकों पर गोली चलाने के फैसले को सपा सांसद सनातन पांडेय ने सही ठहराया, बोले- नेताजी ने संविधान बचाने के लिए ऐसा किया
अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर गोली चलाने के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले को लेकर सियासी बहस एक बार फिर तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT

Sanatan Pandey Statement: अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर गोली चलाने के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले को लेकर सियासी बहस एक बार फिर तेज हो गई है. बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने इस फैसले को सही ठहराया है. उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने भारत के संविधान को बचाने के लिए गोली चलवाई थी और उन्होंने वही किया, जो संविधान के मुताबिक जरूरी था.
मुलायम सिंह यादव को लेकर क्या कहा?
सपा सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के लिए संविधान सर्वोपरि है. उनके मुताबिक मुलायम सिंह यादव जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उस समय विवादित ढांचे पर चढ़कर तोड़फोड़ की कोशिश की जा रही थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान बीजेपी से जुड़े लोग, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता विवादित गुंबद पर चढ़े थे. सनातन पांडेय ने कहा, 'अगर विवादित स्थान का मामला कोर्ट के आदेश के अधीन था तो वहां कोई भी ऐसा काम नहीं होना चाहिए था. संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति संविधान के मुताबिक ही काम करेगा.' उन्होंने आगे कहा कि मुलायम सिंह यादव की संविधान के प्रति आस्था थी और इसी वजह से उन्होंने वहां गोली चलवाई.
यह भी पढ़ें- केदारेश्वर मंदिर पर पहुंचे अखिलेश यादव, अयोध्या जाने से पहले मीडिया के सामने बता दिया अपना प्लान
'नेताजी ने संविधान बचाने के लिए गोली चलवाई थी'
सनातन पांडेय ने कहा कि वह इस बात को स्वीकार करते हैं कि मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में गोलियां चली थीं. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय इस घटना में बीजेपी का नामोनिशान नहीं था, बल्कि बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के लोग वहां मौजूद थे. उन्होंने कहा, 'नेताजी ने भारत का संविधान बचा रहे और संविधान के प्रति आस्था बनी रहे, इसलिए वहां गोलियां चलवाई थीं.' एक अन्य बयान में उन्होंने कहा कि अगर उस समय गोली नहीं चलाई गई होती और विवादित स्थल पर मंदिर तोड़ दिया गया होता तो देश में तनाव और युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो सकती थी. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब विवादित स्थल पर कोर्ट का स्टे था तो वहां कारसेवक कैसे पहुंच गए. उनके मुताबिक इस मामले में केंद्र सरकार और स्थानीय प्रशासन की भी जिम्मेदारी थी.
बांग्लादेश में हिंदुओं पर कार्रवाई का भी उठाया मुद्दा
अपने बयान में सपा सांसद ने बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हुई हिंसा का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि वहां मंदिर तोड़े गए और अल्पसंख्यकों को मारा-पीटा गया, लेकिन भारत के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री की ओर से इस मामले में अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं आई. सनातन पांडेय ने आरोप लगाया कि बीजेपी हिंदू-मुस्लिम मुद्दे को केवल भारत में राजनीतिक फायदे के लिए उठाती है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी संविधान को मानने वाली है और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है.
बीजेपी ने अखिलेश यादव को घेरा
सनातन पांडेय के बयान को लेकर बीजेपी ने सपा पर हमला तेज कर दिया है. बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने अखिलेश यादव से कारसेवकों पर गोली चलाने की घटना को लेकर जवाब मांगा है. उन्होंने मथुरा के मुद्दे पर भी सपा प्रमुख से अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी. वहीं, मुस्लिम धर्मगुरुओं की ओर से भी इस बयान पर सवाल उठाए गए हैं. ऐसे में मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में अयोध्या में हुई गोलीबारी का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में है. 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी को सपा को घेरने का नया मौका मिला है.
यह भी पढ़ें- आधार से लेकर आंखों की पहचान तक, अखिलेश यादव ने चुनाव सुधार को लेकर कर दीं 3 बड़ी मांग
योगी आदित्यनाथ पर क्या बोले सनातन पांडेय?
सनातन पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ अगली बार मुख्यमंत्री नहीं होंगे और अपनी जगह पर लौट जाएंगे. सपा सांसद ने आरोप लगाया कि योगी सरकार में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ हथकंडे अपनाए गए और गरीबों के मकान बुलडोजर से गिराए गए. उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो जिन लोगों के मकान गिराए गए हैं, उनका एक-एक ईंट के हिसाब से जवाब लिया जाएगा. उन्होंने योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश आने और मठ की संपत्ति को लेकर भी सवाल उठाए.
