गोरखपुर से अयोध्या दर्शन के लिए निकले दिव्यांग को बनाया बंधक, कई महीनों बाद भाई को फोन कर बताया- झुग्गी में रखा है, मुझसे भीख मंगवा रहे
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से अयोध्या जाने के लिए निकला 49 साल का दिव्यांग व्यक्ति करीब डेढ़ साल से लापता है. परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर अगवा किया और महाराष्ट्र के मालेगांव ले जाकर बंधक बना लिया.
ADVERTISEMENT

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से अयोध्या जाने के लिए निकला 49 साल का दिव्यांग व्यक्ति करीब डेढ़ साल से लापता है. परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर अगवा किया और महाराष्ट्र के मालेगांव ले जाकर बंधक बना लिया. परिजनों के मुताबिक वहां उससे जबरन भीख मंगवाई जा रही है और विरोध करने पर मारपीट के साथ हत्या की धमकी दी जाती है. लंबे समय तक पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद परिवार ने अदालत का दरवाजा खटखटाया. सीजेएम न्यायालय के आदेश पर गोरखपुर के कैंट थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है.
अयोध्या जाने के लिए घर से निकले थे आलोक
गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र के सिंघड़िया निवासी अधिवक्ता आशुतोष कुमार सिंह के मुताबिक उनके 49 साल के भाई आलोक कुमार सिंह दोनों पैरों से दिव्यांग हैं और ट्राइसाइकिल से चलते हैं. दो जून 2025 को वह मुख्यमंत्री की ओर से मिली बैटरी चालित साइकिल लेकर अयोध्या जाने की बात कहकर घर से निकले थे. इसके बाद वह वापस नहीं लौटे. परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली. आशुतोष के मुताबिक 12 जुलाई 2025 को आलोक ने अपने जन्मदिन पर फोन किया और 250 रुपये मांगे. परिवार ने उनके खाते में पैसे भेज दिए. बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह अयोध्या के एक शिव मंदिर में हैं और सावन के बाद घर लौट आएंगे. इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और परिवार से संपर्क टूट गया.
अयोध्या से गोरखपुर पुलिस तक भटकता रहा परिवार
आलोक का पता नहीं चलने पर उनके भाई आशुतोष कुमार सिंह ने अयोध्या और गोरखपुर पुलिस से संपर्क किया. उन्होंने अधिकारियों से भी शिकायत की और अयोध्या में अपने भाई की गुमशुदगी के पोस्टर लगवाए, ताकि किसी को जानकारी मिले तो परिवार तक पहुंच सके. आशुतोष के मुताबिक 10 अक्टूबर 2025 को वह अयोध्या के राम जन्मभूमि थाने पहुंचे, लेकिन वहां से उन्हें कोतवाली भेज दिया गया. कोतवाली में उन्हें गोरखपुर पुलिस के पास जाने की बात कही गई. उन्होंने अयोध्या कोतवाली और गोरखपुर कैंट पुलिस को व्हाट्सएप पर अपनी शिकायत की कॉपी भी भेजी. इसी बीच नवंबर 2025 में उनकी बेटी की शादी थी, जिसके चलते वह कुछ समय तक पारिवारिक कामों में व्यस्त रहे. इसके बाद उन्होंने दोबारा अधिकारियों से शिकायत की.
यह भी पढ़ें- ताजमहल में रात के समय क्यों नहीं जलती लाइट? इसके पीछे है खास वजह
दूसरे नंबर से आया भाई का फोन
आशुतोष सिंह के मुताबिक एक दिसंबर 2025 को उन्होंने गृह सचिव, मुख्यमंत्री के पोर्टल और गोरखपुर के एसएसपी को पत्र देकर अपने भाई की तलाश कराने की मांग की. इसके बाद भी उन्हें पुलिस की ओर से अयोध्या जाकर शिकायत करने की सलाह दी गई. इसी बीच 18 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे एक अनजान नंबर से उनके पास फोन आया. ट्रूकॉलर पर यह नंबर अब्दुल अंसारी के नाम से दिखाई दे रहा था. फोन करने वाले उनके भाई आलोक थे. आशुतोष के मुताबिक आलोक ने बताया कि अगस्त 2025 में कुछ लोगों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाया और बेहोशी का इंजेक्शन देकर महाराष्ट्र पहुंचा दिया. उन्होंने फोन पर बताया कि उन्हें मालेगांव में एक दुर्गा मंदिर के पीछे बनी झुग्गी में रखा गया है.
इन लोगों पर निगरानी का आरोप
परिवार के मुताबिक आलोक ने फोन पर बताया कि मालेगांव में उन्हें जिस झुग्गी में रखा गया है, वहां से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है. अवधेश और सूरज नाम के व्यक्ति उन पर नजर रखते हैं. जब ये लोग बाहर जाते हैं, तभी उन्हें फोन करने का मौका मिलता है. आरोप है कि वहां उनसे जबरन भीख मंगवाई जा रही है. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है. आलोक ने अपने भाई को यह भी बताया कि अगर उन्होंने किसी को अपने ठिकाने के बारे में जानकारी दी तो आरोपी उनकी हत्या कर सकते हैं. उन्होंने आशुतोष से कहा कि इस नंबर पर दोबारा फोन करने से उनकी जान को खतरा हो सकता है. परिवार का कहना है कि इस फोन कॉल के बाद उन्हें पहली बार आलोक के महाराष्ट्र में होने और उनके साथ कथित तौर पर हो रही ज्यादती की जानकारी मिली.
एडीजी से शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
आलोक का पता मिलने के बाद आशुतोष ने 20 जनवरी 2026 को एडीजी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की. उनका आरोप है कि कई अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इसके बाद फरवरी 2026 में उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय का रुख किया. आशुतोष के मुताबिक अदालत की ओर से थानों से रिपोर्ट मांगी गई, लेकिन रिपोर्ट आने में फरवरी से सितंबर तक का समय लग गया. सात सितंबर 2026 को मिली रिपोर्ट में बताया गया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं है. इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को अदालत ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया. 16 अक्टूबर को आदेश थाने भेजा गया, लेकिन आशुतोष का कहना है कि कैंट थाने में प्राथमिकी एक नवंबर 2026 को दर्ज की गई.
यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव राम मंदिर जाएं तो उन्हें भी ले जाएं, भाजपा सांसद रवि किशन ने कसा तंज
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR
सीजेएम त्विषि श्रीवास्तव के आदेश के बाद गोरखपुर के कैंट थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस मामले में कैंट के सीओ अरुण कुमार ने बताया कि कैंट पुलिस जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना अयोध्या स्थानांतरित करने की तैयारी कर रही है. पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई और जांच के बाद ही आलोक के लापता होने, उन्हें महाराष्ट्र ले जाने और कथित तौर पर बंधक बनाकर भीख मंगवाने से जुड़े आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
