अखिलेश यादव राम मंदिर जाएं तो उन्हें भी ले जाएं, भाजपा सांसद रवि किशन ने कसा तंज
अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन की चर्चा के बीच बीजेपी सांसद रवि किशन ने उन्हें राहुल गांधी को भी साथ ले जाने की सलाह दी है. उन्होंने 1990 में अयोध्या में कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश को मंदिर जाने से पहले माफी मांगनी चाहिए.
ADVERTISEMENT

गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने अखिलेश यादव के अयोध्या में राम मंदिर दर्शन करने की चर्चा पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जब मंदिर जाएं तो अपने बड़े भाई राहुल गांधी को भी साथ ले जाएं. रवि किशन ने राहुल गांधी की मां और कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी राम को काल्पनिक मानती थीं. अखिलेश यादव को मंदिर जाने से पहले कारसेवकों से माफी मांगनी चाहिए.
रवि किशन वनटांगिया गांव में दीपावली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को शुभकामनाएं दे रहे थे. इसी दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधा. अपने संबोधन में उन्होंने राम मंदिर निर्माण का जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच, बीजेपी के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना है.
अखिलेश यादव के साथ राहुल गांधी को ले जाने की सलाह
रवि किशन ने अपने भाषण में कहा कि उन्होंने सुना है कि अखिलेश यादव अयोध्या में राम मंदिर जाने वाले हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव जब दर्शन करने जाएं तो अपने बड़े भाई राहुल गांधी को भी साथ ले जाएं.
उन्होंने कहा, "चुनाव आ गए तो मत जाइएगा. मंदिर जाइए तो भावना के साथ जाइएगा और प्रायश्चित करके जाइएगा."
रवि किशन का इशारा राम मंदिर आंदोलन के दौरान अयोध्या में कारसेवकों पर हुई पुलिस कार्रवाई की ओर था. उन्होंने सवाल उठाया कि जब कारसेवक मंदिर आंदोलन के लिए अयोध्या पहुंचे थे, तब उन पर गोली क्यों चलाई गई थी?
राम मंदिर निर्माण का श्रेय पीएम मोदी और सीएम योगी को दिया
अपने संबोधन में रवि किशन ने राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की. उन्होंने कहा कि 2017 में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता आगे बढ़ा.
उन्होंने कहा कि करीब 500 साल बाद भगवान राम को उनका भव्य मंदिर मिला है. रवि किशन ने मंदिर की सुंदरता का भी जिक्र किया और कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनना बीजेपी के संकल्प का परिणाम है.
बीजेपी सांसद ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान कई कारसेवकों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी. उनके मुताबिक, उस समय साधु-संतों पर भी लाठियां चलाई गई थीं. उन्होंने इसी घटना का हवाला देकर अखिलेश यादव से माफी मांगने की बात कही.
1990 में अयोध्या में क्या हुआ था?
रवि किशन के बयान का संबंध 1990 में राम मंदिर आंदोलन के दौरान हुई पुलिस फायरिंग से है. उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे.
विश्व हिंदू परिषद ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवा का आह्वान किया था. बड़ी संख्या में कारसेवक अयोध्या पहुंचे थे. उन्हें विवादित ढांचे की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की थी. 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को कारसेवकों पर गोलीबारी हुई थी. इस घटना में कई लोगों की जान गई थी.
तब से यह घटना उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का विषय रही है. बीजेपी नेता इसे मुलायम सिंह यादव की सरकार के फैसले से जोड़कर उठाते हैं, जबकि सपा की ओर से उस समय की कार्रवाई को कानून-व्यवस्था से जोड़कर देखा जाता रहा है.
ये भी पढ़ें- अखिलेश से 'माफी मंगवाने' वाले बयान पर सपा का पलटवार, सीएम योगी से पूछ लिया तगड़ा सवाल
