मुजफ्फरनगर में डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग, 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
मुजफ्फरनगर में फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराकर आग का गोला बन गई. हादसे में हरियाणा निवासी छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
ADVERTISEMENT

Muzaffarnagar Car Accident: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. तितावी थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी. टक्कर के बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक सभी मृतक हरियाणा के नारनौल के पास के रहने वाले थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं.
डिवाइडर से टकराने के बाद कार में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक कार सवार लोग हरियाणा से शामली होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तितावी थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई. कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
हरियाणा के नारनौल के पास के रहने वाले थे मृतक
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग हरियाणा के नारनौल के पास स्थित राखीखाक गांव के रहने वाले थे. हालांकि, अभी तक उनके आपसी रिश्तों या परिवार से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस इस संबंध में जानकारी जुटा रही है. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने स्थिति संभाली.
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने क्या बताया?
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि शुरुआती जांच में कार सवार लोग परिवार के सदस्य नहीं, बल्कि दोस्त प्रतीत हो रहे हैं. वे शामली से मुजफ्फरनगर होते हुए गुजर रहे थे. इसी दौरान फ्लाईओवर पर कार डिवाइडर से टकराकर बिजली के खंभे से भिड़ गई. इसके बाद वाहन में आग लगने से छह लोगों की जलकर मौत हो गई. पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- इंस्पेक्टर की पत्नी के साथ प्रेम संबंध, रात में देवर ने एक ही कमरे में दोनों को पकड़ा, कानपुर में प्रेमी शिव प्रताप की संदिग्ध मौत
