लेटेस्ट न्यूज़

धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतरे BJP विधायक रवि शर्मा, अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- इनका बस चलता तो राम मंदिर कभी नहीं बनता

ADVERTISEMENT

भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर सियासी विवाद बढ़ता जा रहा है. अखिलेश यादव के विरोध के बाद अब झांसी से बीजेपी विधायक रवि शर्मा ने शास्त्री का बचाव किया है. उन्होंने अखिलेश पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है.

social share
Google CTA

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना (कृष्ण टेढ़े हैं और राम सीधे) को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासत गरमा गई है. इस बयान के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मोर्चा खोलते हुए धीरेंद्र शास्त्री पर जमकर निशाना साधा और कथाओं पर प्रतिबंध लगाने तक की बात कह दी. अब इस पूरे विवाद में बीजेपी की भी एंट्री हो गई है. झांसी सदर से बीजेपी के विधायक रवि शर्मा ने धीरेंद्र शास्त्री का बचाव करते हुए अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया है. रवि शर्मा ने अखिलेश यादव पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए यहां तक कह दिया कि अगर अखिलेश यादव का बस चलता तो अयोध्या में राम मंदिर भी नहीं बनने देते. इस पूरे मामले ने अब धार्मिक आस्था और राजनीतिक बहस का रूप ले लिया है.

अखिलेश यादव को रवि शर्मा ने तीखा जवाब

धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं पर प्रतिबंध लगाने की अखिलेश यादव की मांग पर पलटवार करते हुए बीजेपी विधायक रवि शर्मा ने तीखा हमला बोला है. रवि शर्मा ने कहा, "इनका बस चलता तो राम जी का भव्य मंदिर न बनता. इनका बस चला होता तो काशी में भगवान भोलेनाथ विराजमान न होते, बल्कि ये मस्जिद को और बड़ी बनवा दिए होते." विधायक ने सपा सरकार के दौरान हुए दंगों और पश्चिमी यूपी से हिंदुओं के पलायन का भी जिक्र किया. उन्होंने अखिलेश पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का सीधा आरोप लगाया.

धीरेंद्र शास्त्री के बचाव में बीजेपी विधायक

धीरेंद्र शास्त्री के 'श्री कृष्ण टेढ़े हैं' वाले बयान का बचाव करते हुए रवि शर्मा ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री एक आध्यात्मिक प्रवचनकर्ता हैं और उनके भक्तों ने उन्हें भाव से भगवान के प्रति कुछ भी बोलने का अधिकार दिया है. उन्होंने कहा कि मंच से कही गई उनकी बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है. अगर कोई व्यक्ति पूरी बात सुनेगा तो उसे उसका सही अर्थ समझ में आ जाएगा. माफी मांगने के सवाल पर विधायक ने कहा कि श्रेष्ठ व्यक्ति ऐसे ही होते हैं. अगर किसी को दुख पहुंचा है और उन्होंने माफी मांग ली, तो यह उनके बड़प्पन का परिचायक है.

विपक्ष बोलेगा तो कथा में भीड़ बढ़ेगी

झांसी में दिसंबर के महीने में पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है. इसी की तैयारियों के बीच बीजेपी विधायक ने विपक्ष को खुली चुनौती देते हुए एक अहम बात कही. रवि शर्मा ने कहा कि विपक्ष धीरेंद्र शास्त्री और इन कथाओं को लेकर जितना ज्यादा बोलेगा और विरोध करेगा, कथा के आयोजनों में लोगों की भीड़ उतनी ही ज्यादा बढ़ेगी. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह पूरा विवाद कुंडा में राजा भैया के यहां होने वाली आगामी कथा पर क्या असर डालता है.

यह भी पढ़ें: बीमार पति को छोड़ बेटी के 'हत्यारे' दामाद के साथ फरार हुई सास, जमीन में गड़ा सोना-चांदी भी ले गए