लेटेस्ट न्यूज़

यूपी में दो बड़े सड़क हादसों में 10 लोगों की हुई मौत, चित्रकूट में 4 तो मुजफ्फरनगर में 6 लोगों की गई जान

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में दीपावली पर दीपदान और दर्शन-पूजन करके लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया. करीब 30 लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक निकलने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई.

ADVERTISEMENT

UP Accident News
UP Accident News
social share
Google CTA

UP Accident News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में दीपावली पर दीपदान और दर्शन-पूजन करके लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया. करीब 30 लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक निकलने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में दो बच्चों समेत 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां पांच की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया गया. घटना के बाद डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना. वहीं मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई.

रात ढाई बजे रामनगर के पास हुआ हादसा

यह दुर्घटना रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे के पास झांसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर हुई. जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज जनपद की सीमा से लगे मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चाकघाट स्थित मझगवां गांव के करीब 30 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से चित्रकूट आए थे. सभी लोग दीपावली के मौके पर दीपदान और दर्शन-पूजन करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान रात करीब ढाई बजे रामनगर के पास ट्रैक्टर से ट्रॉली का हुक निकल गया. इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और उसमें बैठे लोग नीचे दब गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.

यह भी पढ़ेंः कन्नौज में BJP विधायक के पारिवारिक भाई अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस नेता पर लगे आरोप

 

दो पुरुष और दो बच्चों की मौके पर मौत

ट्रॉली पलटने से चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान राधा कृष्ण, त्रिवेणी सिंह, शिवांश और पुष्पराज के रूप में हुई है. इनमें दो पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं. हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया. यहां पांच लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया गया, जबकि सात घायलों का इलाज रामनगर में ही जारी है.

लोगों ने चालक पर लगाए लापरवाही के आरोप

प्रत्यक्षदर्शी श्रद्धालु लक्ष्मण ने बताया कि गांव के दिनेश कुमार ने दीपावली पर चित्रकूट दर्शन के लिए ट्रैक्टर किराये पर लिया था. वह खुद ट्रैक्टर चला रहा था और गांव के लोगों को लेकर आया था. लक्ष्मण के मुताबिक, लौटते समय ट्रॉली का हुक निकलने से हादसा हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से ज्यादा लोगों को बैठाया गया था. प्रत्यक्षदर्शी ने यह भी दावा किया कि हादसे के बाद चालक पुलिस की मौजूदगी में ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वहां से चला गया और पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की. ये आरोप प्रत्यक्षदर्शी की ओर से लगाए गए हैं.

डीएम-एसपी पहुंचे अस्पताल

हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और बेहतर इलाज के निर्देश दिए. डीएम पुलकित गर्ग ने बताया कि मध्य प्रदेश नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक निकलने से दुर्घटना हुई. हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच गंभीर और सात अन्य घायल हैं. सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: चिराग पासवान की यूपी में एंट्री से पहले ही भड़के ओपी राजभर के समर्थक, कैमरे पर खुलकर निकाली अपनी भड़ास!

मुजफ्फरनगर में 6 लोगों की हुई मौत

मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. तितावी थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी. टक्कर के बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक सभी मृतक हरियाणा के नारनौल के पास के रहने वाले थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं.