लेटेस्ट न्यूज़

चिराग पासवान की यूपी में एंट्री से पहले ही भड़के ओपी राजभर के समर्थक, कैमरे पर खुलकर निकाली अपनी भड़ास!

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एनडीए के भीतर सहयोगी दलों के बीच सियासी खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं. बिहार के नेता और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है.

ADVERTISEMENT

UP Politics
UP Politics (फोटो- चिराग पासवान-सुभासपा के समर्थक-ओपी राजभर)
social share
Google CTA

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एनडीए के भीतर सहयोगी दलों के बीच सियासी खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं. बिहार के नेता और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है. हालांकि, गठबंधन नहीं होने की स्थिति में उन्होंने सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात भी कही है. चिराग के इस ऐलान का सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की ओर से विरोध किया जा रहा है. अब गाजीपुर के जखनियां विधानसभा क्षेत्र में 'यूपी तक की चौपाल' में बातचीत के दौरान राजभर समाज के लोगों ने भी चिराग पासवान की यूपी में चुनावी एंट्री पर नाराजगी जताई है.

चौपाल में शामिल सुभासपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कहा कि जब बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उनकी पार्टी को एनडीए में शामिल नहीं किया गया, तो अब उत्तर प्रदेश में चिराग पासवान की पार्टी को गठबंधन में जगह क्यों दी जाए? लोगों ने सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि पार्टी यूपी में चिराग पासवान की चुनावी एंट्री का विरोध करेगी. उनका तर्क है कि सुभासपा उत्तर प्रदेश में लंबे समय से संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रही है और ऐसे में किसी दूसरे राज्य की पार्टी को यहां आकर चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलना चाहिए.

चिराग पासवान की एंट्री पर लोगों ने क्या कहा?

जखनियां विधानसभा क्षेत्र के सागर राजभर ने कहा कि अरविंद राजभर ने चिराग पासवान की यूपी में एंट्री का विरोध करके सही किया है. उनका कहना था कि सुभासपा एनडीए की सहयोगी है और बिहार में भी उसने गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी की थी, लेकिन उसे वहां मौका नहीं दिया गया. ऐसे में अगर बिहार की कोई पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने आती है तो सुभासपा के कार्यकर्ता उसका विरोध करेंगे. उन्होंने कहा कि यूपी में उनकी पार्टी खुद मजबूत है और चिराग पासवान का यहां कोई राजनीतिक अस्तित्व नहीं है.

सुभासपा नेता रमेश राजभर ने भी चिराग पासवान के चुनाव लड़ने के दावे को खारिज किया. उन्होंने कहा कि अगर चिराग पासवान को एनडीए से टिकट नहीं मिलता है तो यूपी में उनकी पार्टी का कोई जनाधार नहीं है. रमेश राजभर ने दावा किया कि अगर चिराग पासवान सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ते हैं, तब भी उन्हें सफलता नहीं मिलेगी. जब उनसे पूछा गया कि चिराग की पार्टी चुनाव लड़कर वोट काट सकती है और इससे किसे नुकसान होगा, तो उन्होंने कहा कि सुभासपा के कार्यकर्ता ओम प्रकाश राजभर के साथ मजबूती से खड़े हैं और इससे उनकी पार्टी को नुकसान नहीं होगा.

यह भी पढ़ें- पूर्वांचल की 130 विधानसभा सीटों पर सर्वे का बड़ा दावा, बीजेपी या सपा कौन मारेगा बाजी?

'बिहार में जैसा किया, वैसा ही जवाब देंगे'

सुभासपा के जखनियां विधानसभा संगठन प्रभारी मुकेश राजभर ने कहा कि अरविंद राजभर के बयान के साथ पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में सुभासपा के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसका जवाब उत्तर प्रदेश में दिया जाएगा. मुकेश राजभर के मुताबिक बिहार में राजभर और राजवंशी समाज की अच्छी आबादी है और उनकी पार्टी को वहां चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिला. उन्होंने कहा कि सुभासपा यूपी में बूथ और सेक्टर स्तर तक संगठन तैयार कर रही है. उनके मुताबिक पार्टी के कार्यकर्ता कई वर्षों से जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं, जबकि चिराग पासवान की पार्टी का यहां वैसा संगठन नहीं है.

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष लालसा बांसपुर ने कहा कि चिराग पासवान चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन बिहार में सुभासपा को सम्मान नहीं मिला तो यूपी में उनकी पार्टी से सम्मान की उम्मीद कैसे की जा सकती है. उन्होंने कहा कि अगर चिराग पासवान निर्दलीय या अपनी पार्टी के दम पर चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें इससे आपत्ति नहीं है, लेकिन एनडीए के गठबंधन के तहत उन्हें यूपी में जगह देने का विरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के मुताबिक कार्यकर्ता आगे की रणनीति तय करेंगे.

'एनडीए में शामिल नहीं होने देंगे बिहार की पार्टियों को'

सुभासपा नेता लल्लन राजभर ने भी इसी रुख को दोहराया. उन्होंने कहा कि बिहार में उनकी पार्टी की दावेदारी होने के बावजूद उसे एनडीए का हिस्सा नहीं बनाया गया था. अब यूपी में बिहार की किसी पार्टी को एनडीए गठबंधन के माध्यम से चुनाव लड़ने देने का विरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अगर कोई पार्टी स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ना चाहती है तो यह उसका फैसला है, लेकिन गठबंधन के भीतर उसे जगह देने पर उनकी पार्टी विरोध करेगी.

लल्लन राजभर से जब पूछा गया कि चिराग पासवान दलित समाज का बड़ा चेहरा हैं और क्या उनकी मौजूदगी यूपी में दलित वोटों को प्रभावित कर सकती है, तो उन्होंने इससे इनकार किया. उनका दावा था कि उत्तर प्रदेश में दलित वोटों का राजनीतिक समीकरण अलग है और चिराग पासवान यहां के मतदाताओं को प्रभावित नहीं कर पाएंगे. उन्होंने एनडीए के भीतर ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल और केशव प्रसाद मौर्य जैसे नेताओं की मौजूदगी का जिक्र करते हुए कहा कि गठबंधन में पहले से ही अलग-अलग सामाजिक वर्गों का प्रतिनिधित्व है.

'चिराग पासवान आएंगे तो जमानत जब्त हो जाएगी'

चौपाल में मौजूद सुभासपा के जिला प्रमुख महासचिव डॉ. रामजी राजभर ने भी चिराग पासवान के यूपी में चुनाव लड़ने पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चिराग पासवान को उत्तर प्रदेश में लोग ठीक से नहीं जानते और यहां उनकी पार्टी का कोई जनाधार नहीं है. उन्होंने दावा किया कि सुभासपा पिछले 10 से 15 वर्षों से जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने में जुटी है. उनके मुताबिक पार्टी लगातार नए लोगों को अपने साथ जोड़ रही है. उन्होंने कहा कि चिराग पासवान अगर यूपी में चुनाव लड़ने आते हैं तो उन्हें यहां की राजनीतिक स्थिति का अंदाजा हो जाएगा और निर्दलीय या अलग से चुनाव लड़ने पर उनकी जमानत जब्त हो सकती है.

जखनियां विधानसभा क्षेत्र में हुई इस चौपाल के दौरान ज्यादातर सुभासपा कार्यकर्ताओं और राजभर समाज के लोगों ने एक जैसी राय रखी. उनका कहना था कि बिहार में सुभासपा को एनडीए में जगह नहीं मिली, इसलिए अब यूपी में चिराग पासवान की पार्टी को गठबंधन में शामिल करने का विरोध किया जाएगा. हालांकि, यह चौपाल में शामिल लोगों और सुभासपा कार्यकर्ताओं की राय है. 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए के भीतर सीटों का बंटवारा क्या होगा और चिराग पासवान की पार्टी को यूपी में कितनी जगह मिलेगी, इसका फैसला गठबंधन के स्तर पर होना बाकी है.

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में 8193 हेक्टेयर जमीन पर बनेंगे तीन नए एक्सप्रेस-वे, 651 गावों से खरीदी जाएगी जमीन