बलरामपुर जिले की 4 सीटों पर 2027 का सियासी समीकरण! एंटी इनकंबेंसी, जातिगत गोलबंदी और विपक्ष की देरी से किसे होगा नफा-नुकसान?
Mood kya hai Balrampur: 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बलरामपुर की चारों सीटों पर सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं. बीजेपी के सामने एंटी इनकंबेंसी और टिकट की चुनौती है, तो सपा के गढ़ में भी नाराजगी क्या चुनावी गणित बिगाड़ेगी?
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही जिलों का सियासी मिजाज गरमाने लगा है. 'यूपी Tak' के खास शो में बलरामपुर जिले की चारों विधानसभा सीटों (बलरामपुर सदर, तुलसीपुर, उतरौला और गैंसड़ी) के चुनावी समीकरणों को टटोला गया. वर्तमान में इनमें से तीन सीटों पर बीजेपी और एक सीट पर समाजवादी पार्टी का कब्जा है. लेकिन 2024 के लोकसभा चुनावों के नतीजों ने यहां राजनीतिक दलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. वरिष्ठ पत्रकारों और स्थानीय जानकारों के साथ चर्चा में यह बात सामने आई है कि आगामी 2027 का यह चुनाव पूरी तरह से जातिगत समीकरणों, मौजूदा विधायकों के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी (सत्ता विरोधी लहर) और उम्मीदवारों के चयन पर निर्भर करेगा.
बलरामपुर सदर और उतरौला सीट: बीजेपी के सामने अपने गढ़ बचाने की चुनौती
बलरामपुर सदर सीट: 2022 में बीजेपी के खाते में गई इस सीट पर मौजूदा विधायक के खिलाफ कुछ हद तक एंटी इनकंबेंसी और स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी की चर्चा है. जानकारों का मानना है कि यदि पार्टी चेहरा नहीं बदलती है, तो उसे जमीनी स्तर पर नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है.
उतरौला सीट: वरिष्ठ पत्रकारों के विश्लेषण के मुताबिक, बलरामपुर की चारों सीटों में से फिलहाल उतरौला की स्थिति बीजेपी के लिए सबसे मजबूत मानी जा रही है, जहां भौगोलिक और सामाजिक समीकरण पार्टी के पक्ष में दिखते हैं.
तुलसीपुर और गैंसड़ी: टिकट के दावेदारों की फौज और भीतरघात का खतरा
तुलसीपुर सीट: यहां बीजेपी के टिकट के कई दावेदार मैदान में हैं. मौजूदा विधायक के परिजनों और कार्यशैली को लेकर जनता और कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष की बात सामने आ रही है, जिससे पार्टी हाईकमान के लिए प्रत्याशी चयन एक बड़ी चुनौती बन गया है.
गैंसड़ी सीट (सपा का गढ़): 2022 और उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के पास रही इस सीट पर इस बार समीकरण थोड़े बदलते दिख रहे हैं. उपचुनाव में यादव और वर्मा वोटों के ध्रुवीकरण का फायदा सपा को मिला था. लेकिन इस बार स्थानीय स्तर पर एक ही परिवार को बार-बार टिकट मिलने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में सुगबुगाहट और नाराजगी भी है जिसका फायदा बीजेपी उठा सकती है.
एंटी इनकंबेंसी और जातिगत राजनीति का बढ़ता प्रभाव
जानकारों का मानना है कि 2027 का चुनाव विकास के साथ-साथ पूरी तरह से जातियों के ध्रुवीकरण पर आधारित होगा.
मौजूदा विधायकों और जनप्रतिनिधियों के कामकाज को लेकर जनता के एक वर्ग में नाराजगी (एंटी इनकंबेंसी) साफ तौर पर देखी जा रही है.कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और जमीनी स्तर पर समन्वय की कमी सत्ता पक्ष के लिए चिंता का विषय बन सकती है.
विपक्ष की रणनीति और समय पर टिकट वितरण का महत्व
चर्चा में यह भी प्रमुखता से उठाया गया कि विपक्ष (सपा-कांग्रेस गठबंधन) की तरफ से कई दावेदार होने के कारण अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मैदान में असल चेहरा कौन होगा. पत्रकारों का मानना है कि विपक्ष द्वारा उम्मीदवार घोषित करने में जितनी देरी होगी, वह सत्ता पक्ष के लिए उतना ही हितकर साबित होगा. यदि पार्टियां समय रहते अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर डैमेज कंट्रोल नहीं करती हैं, तो भीतरघात का खतरा दोनों तरफ बढ़ सकता है.
