केदारेश्वर मंदिर पर पहुंचे अखिलेश यादव, अयोध्या जाने से पहले मीडिया के सामने बता दिया अपना प्लान
इटावा में केदारेश्वर मंदिर में पूजा के बाद अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला. उन्होंने राम मंदिर के चंदे, अयोध्या में जमीन के मुआवजे, बंद हुए प्राइमरी स्कूलों और बेरोजगारी पर सवाल उठाए. साथ ही 2027 में सपा की सरकार बनने का दावा किया.
ADVERTISEMENT

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इटावा में केदारेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. अखिलेश ने 2027 के विधानसभा चुनाव, अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े विवाद, जमीनों के मामलों और बेरोजगारी को लेकर सरकार को घेरा. उन्होंने दावा किया कि 2027 में बीजेपी की सरकार जाने वाली है.
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में 10 साल से बीजेपी की सरकार है, लेकिन इस दौरान प्राइमरी स्कूल बंद किए गए और गांव-गांव में शराब की दुकानें खोली गईं. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए हैं. सपा सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था सुधारने, प्राइमरी स्कूलों को बेहतर बनाने और युवाओं को लैपटॉप देने का वादा भी किया.
राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे को लेकर सीएम योगी से मांगा जवाब
राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे से जुड़ी कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनका पुराना बयान याद दिलाया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दूध का दूध और पानी का पानी करने की बात कही थी, लेकिन अब तक इसका जवाब नहीं मिला. अखिलेश ने सवाल किया कि मंदिर के चंदे और चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों से जुड़े लोगों पर कार्रवाई कब होगी? उन्होंने मंदिर के कर्मचारियों को संरक्षण देने वालों और कथित तौर पर मुखौटा बदलकर बैठे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की.
अखिलेश ने भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर दिए जा रहे बयानों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सामने आकर बताना चाहिए कि भगवान राम और कृष्ण के बारे में कही गई बातें सही हैं या गलत. उनके मुताबिक, धार्मिक मुद्दों पर सवाल उठाकर किसानों, बेरोजगारी, महंगाई और निवेश जैसे मुद्दों से ध्यान हटाया जा रहा है.
अयोध्या के लोगों को लेकर क्या बोले अखिलेश?
सपा प्रमुख ने अयोध्या में विकास कार्यों और जमीन अधिग्रहण का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि अयोध्या के लोग विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन अपनी जमीन का उचित मुआवजा चाहते हैं. उनका आरोप है कि सर्किल रेट नहीं बढ़ाए जाने से किसानों को नुकसान हुआ है.
उन्होंने अयोध्या में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए. अखिलेश ने रेलवे स्टेशन की दीवार, एयरपोर्ट की छत और बारिश में सड़कों पर पानी भरने का जिक्र करते हुए कहा कि विकास के नाम पर खर्च हुई रकम के बावजूद कई समस्याएं बनी हुई हैं.
उन्होंने दावा किया कि अयोध्या की जनता इस बार बीजेपी को सभी सीटों पर हराएगी. अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में वह अयोध्या जाएंगे. कहा कि केदारेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद वहां दर्शन करके अयोध्या जाएंगे.
जमीन घोटाले और 2027 के चुनाव पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने लखनऊ की प्रस्तावित वेलनेस सिटी का जिक्र करते हुए बीजेपी पर जमीनों में गड़बड़ी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वेलनेस सिटी के नाम पर आम लोगों के बजाय कुछ लोगों को फायदा पहुंचा. उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में जमीन से जुड़े मामलों में सबसे ज्यादा गड़बड़ी बीजेपी के शासन में हुई है.
उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा का स्तर सुधारा जाएगा. प्राइमरी स्कूलों को बेहतर बनाने के साथ बच्चों को लैपटॉप दिए जाएंगे. उन्होंने लोगों से गुटखा और शराब से दूर रहने की अपील भी की.
अखिलेश ने आजम खान और उनके परिवार के साथ हुए व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार बनने पर उन्हें न्याय दिलाया जाएगा. उन्होंने बीजेपी पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया. साथ ही पत्रकारों को डराने-धमकाने और रुपये की गिरती स्थिति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए.
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी को अब सत्ता से बाहर जाने की तैयारी करनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी.
