लेटेस्ट न्यूज़

'सरकार आने दो, देख लेंगे कहने वालों को तुरंत पार्टी से निकालो...' 2027 चुनाव पहले शिवपाल यादव की सपा कार्यकर्ताओं को सख्त चेतावनी!

ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. चुनाव से पहले पार्टी के सामने अपनी छवि सुधारने और कार्यकर्ताओं के व्यवहार को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब देने की चुनौती है.

social share
Google CTA

Shivpal Yadav to SP Workers: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. चुनाव से पहले पार्टी के सामने अपनी छवि सुधारने और कार्यकर्ताओं के व्यवहार को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब देने की चुनौती है. इसी बीच सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अगर कोई कार्यकर्ता लोगों से यह कहता है कि 'चुनाव हो जाने दो, सरकार आने दो, फिर देख लेंगे' तो उसे तत्काल पार्टी से बाहर कर दिया जाए. उनके इस बयान पर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर समर्थन जताया.

शिवपाल ने जिला अध्यक्षों को दिए कार्रवाई के निर्देश

शिवपाल यादव ने इटावा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया कि इस तरह की धमकी देने वाले किसी भी कार्यकर्ता के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग ऐसी बातों के जरिए समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर सकते हैं. इसलिए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना चाहिए और ऐसा कोई व्यवहार नहीं करना चाहिए जिससे संगठन की छवि खराब हो. शिवपाल ने स्पष्ट कहा कि धमकी देने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी में रहने का मौका नहीं मिलना चाहिए. दरअसल, बीजेपी लगातार सपा पर गुंडाराज, अपराध और माफिया राज को बढ़ावा देने के आरोप लगाती रही है. चुनावों में भी पार्टी इन मुद्दों को सपा के खिलाफ उठाती है. ऐसे में शिवपाल की चेतावनी को पार्टी की छवि सुधारने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

चुनाव को करो या मरो' की लड़ाई बताया

शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच व्यवहार करने का तरीका भी समझाया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हर जाति और वर्ग के लोगों के पास जाएं और हाथ जोड़कर विनम्रता से वोट मांगें. किसी के लिए गलत भाषा का इस्तेमाल न करें. अगर कोई व्यक्ति उनसे कुछ कहता है तो उसकी बात को बुरा मानने के बजाय धैर्य से सुनें. शिवपाल के मुताबिक, कार्यकर्ता जनता के बीच अच्छे व्यवहार के साथ जाएंगे तो उन्हें वोट की कमी नहीं होगी. उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को समाजवादियों के लिए 'करो या मरो' की लड़ाई बताया. इस दौरान महात्मा गांधी के 'करो या मरो' नारे का भी जिक्र किया.

सपा की छवि से जोड़कर देखा जा रहा बयान

शिवपाल के इस बयान को अखिलेश यादव की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषण के मुताबिक अखिलेश की छवि अपेक्षाकृत सौम्य नेता की रही है, जबकि शिवपाल की जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ मानी जाती है. ऐसे में उनके जरिए कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश देना अहम माना जा रहा है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह बयान पार्टी के किसी औपचारिक निर्देश के तहत दिया गया या शिवपाल ने अपने स्तर पर यह बात कही. सपा के सामने एक ओर बीजेपी के गुंडाराज वाले आरोपों का जवाब देने और दूसरी ओर कार्यकर्ताओं को अनुशासित रखने की चुनौती है. अब देखना होगा कि उनकी चेतावनी का संगठन पर कितना असर पड़ता है.