लेटेस्ट न्यूज़

UP Election 2027: यूपी में वोटर लिस्ट का बदला शेड्यूल, अब 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट सूची

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले वोटर लिस्ट का शेड्यूल बदल गया है। अब 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होगी. इसके बाद लोगों को नाम जुड़वाने, कटवाने और गलतियां ठीक कराने के लिए करीब एक महीने का समय मिलेगा. अंतिम वोटर लिस्ट जनवरी 2027 में प्रकाशित की जाएगी.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को अपडेट करने की तैयारी चल रही है. इसके लिए कराए जा रहे स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) का कार्यक्रम बदल दिया गया है. नई समय-सारिणी के मुताबिक, अब प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों की ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी. पहले से तय कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब मतदाताओं को नाम जुड़वाने, कटवाने या उसमें किसी तरह की गलती ठीक कराने के लिए इसी तारीख से मौका मिलेगा.

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. अगर किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो वह अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेगा. इसके अलावा सूची में दर्ज नाम, पता या दूसरी जानकारियों में गलती होने पर उन्हें ठीक कराने का भी मौका मिलेगा. किसी ऐसे व्यक्ति का नाम सूची में शामिल है, जो पात्र नहीं है, तो उसके खिलाफ भी आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी.

16 दिसंबर तक कर सकेंगे दावा और आपत्ति

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी. मतदाताओं को इसके लिए करीब एक महीने का समय मिलेगा.

इस दौरान चुनाव आयोग की ओर से मिले आवेदनों और आपत्तियों की जांच की जाएगी. इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा. इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी.

इस तरह नए कार्यक्रम के तहत नवंबर में ड्राफ्ट सूची जारी होगी और जनवरी की शुरुआत में मतदाताओं को अंतिम सूची मिल जाएगी.

वोटर लिस्ट में किन बदलावों का मिलेगा मौका?

SSR यानी स्पेशल समरी रिवीजन का उद्देश्य मतदाता सूची को सही और अपडेट रखना है. इस प्रक्रिया में ऐसे लोगों को सूची में शामिल किया जाता है, जो मतदान करने की पात्रता रखते हैं, लेकिन किसी वजह से उनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है.

इसके साथ ही मतदाता अपनी व्यक्तिगत जानकारी में सुधार भी करा सकते हैं. अगर नाम, पता या अन्य विवरण में कोई गलती है, तो उसे ठीक कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है. वहीं, किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है या कोई नाम गलत तरीके से सूची में दर्ज है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे हटाने के लिए भी आपत्ति दी जा सकती है.

जिन लोगों ने हाल में अपना पता बदला है या जिनका नाम पिछली मतदाता सूची में नहीं था, उनके लिए ड्राफ्ट सूची की जांच करना जरूरी होगा.

2027 में होने हैं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा का कार्यकाल 2027 में पूरा होना है. इससे पहले प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे. चुनाव में मतदान करने के लिए वोटर लिस्ट में नाम होना जरूरी है. केवल पहचान पत्र होना मतदान के लिए पर्याप्त नहीं है.

इसी वजह से चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. नए कार्यक्रम के मुताबिक, 17 नवंबर को ड्राफ्ट सूची जारी होने से लेकर 4 जनवरी 2027 को अंतिम सूची प्रकाशित होने तक अलग-अलग चरणों में यह काम पूरा किया जाएगा.

मतदाताओं के लिए जरूरी तारीखें

  • 17 नवंबर 2026: ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होगी और दावे-आपत्तियां शुरू होंगी.
  • 16 दिसंबर 2026: दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की आखिरी तारीख.
  • 28 दिसंबर 2026: दावे और आपत्तियों का निपटारा पूरा होगा.
  • 4 जनवरी 2027: अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी.