लेटेस्ट न्यूज़

2007 के रामपुर CRPF कैंप आतंकी हमले के बरी आरोपी मोहम्मद शरीफ की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

ADVERTISEMENT

रामपुर में मोहम्मद शरीफ की दिनदहाड़े संदिग्ध हत्या हो गई. वह पहले सीआरपीएफ हमले के आरोपी थे, जिन्हें कोर्ट ने बाद में बरी किया था. घटना थाना के करीब हुई और पुलिस जांच में जुटी है.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. साल 2007 में रामपुर स्थित सीआरपीएफ (CRPF) ग्रुप सेंटर पर हुए कुख्यात आतंकी हमले के मामले में बरी हुए मोहम्मद शरीफ की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात रामपुर के खजूरिया थाने से महज 300 से 500 मीटर की दूरी पर हुई, जब शरीफ पुलिस वेरिफिकेशन कराकर अपने बेटे के साथ बाइक से वापस लौट रहा था.

अचानक आए बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने शरीफ पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुंचा.

थाने से निकलते ही घात लगाकर किया गया हमला

मृतक के बेटे के मुताबिक, सुबह से ही थाने का एक सिपाही फोन कर शरीफ को पुलिस वेरिफिकेशन के लिए थाने बुला रहा था. शरीफ जब अपने बेटे के साथ खजूरिया थाने पहुंचा, तो वहां थाना प्रभारी (SHO) मौजूद नहीं मिले. थाने से थोड़ी देर बातचीत के बाद जब वे दोनों बाइक (स्प्लेंडर) से घर की ओर वापस लौट रहे थे, तभी पनवड़िया मोड़ के पास पीछे से आए 'अपाचे' बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं.

हमले के बाद शरीफ बाइक से खेत की ओर गिर पड़े, जबकि उनके बेटे ने किसी तरह अपनी जान बचाई. हमलावर वारदात को अंजाम देकर तेजी से फरार हो गए. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घायल शरीफ को निजी अस्पताल ले जाने की बजाय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (बिलासपुर) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

रामपुर CRPF कैंप हमला और सजा का पूरा घटनाक्रम

मोहम्मद शरीफ (उर्फ सोहेल उर्फ साजिद) रामपुर के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर 31 दिसंबर 2007 और 1 जनवरी 2008 की दरमियानी रात हुए घातक आतंकी हमले का आरोपी रहा था. इस हमले में 7 सीआरपीएफ जवान और एक रिक्शा चालक शहीद हुए थे.

ट्रायल कोर्ट का फैसला (2019): रामपुर सेशन कोर्ट ने 2019 में मोहम्मद शरीफ समेत चार आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी.

हाईकोर्ट से राहत (2025): अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जांच में खामियों का हवाला देते हुए शरीफ और अन्य आरोपियों को हत्या और आतंकवाद के आरोपों से बरी कर दिया था. हालांकि, आर्म्स एक्ट में सजा पूरी करने के बाद शरीफ नवंबर 2025 में बरेली सेंट्रल जेल से रिहा हुआ था.

सुप्रिम कोर्ट में मामला: उत्तर प्रदेश सरकार ने बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर फरवरी 2026 में सुनवाई के लिए सहमति बनी थी और नोटिस जारी हुए थे.

पुलिस का क्या है कहना?

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों द्वारा दी जाने वाली लिखित तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और सभी संभावित एंगलों से मामले की छानबीन जारी है.