लेटेस्ट न्यूज़

चंद्रशेखर आजाद ने बता दी BJP की ताकत बढ़ने की वजह, जयंत चौधरी का भी लिया नाम

यूपी में 2027 चुनाव से पहले चंद्रशेखर आजाद ने विपक्षी एकता को लेकर बड़ा बयान दिया है. बागपत में उन्होंने जयंत चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्होंने समझदारी दिखाई होती तो प्रदेश में बीजेपी को नुकसान हो सकता था. चंद्रशेखर ने यह भी बताया कि विपक्षी गठबंधन में कौन सी बात आड़े आई.

ADVERTISEMENT

Chandrashekhar Azad
Chandrashekhar Azad (File Photo)
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकजुटता को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बागपत में भाजपा के खिलाफ गठबंधन बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए वह हर तरह की कुर्बानी देने को तैयार थे, लेकिन विपक्ष में बैठे कुछ स्थापित और अहंकारी नेता किसी दूसरे दल को जगह देना ही नहीं चाहते. उनकी इसी सोच ने भाजपा को ताकत दी.

चंद्रशेखर आजाद ने राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर जयंत चौधरी थोड़ी समझदारी दिखाते तो उत्तर प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ हो सकता था. उनका कहना था कि जयंत चौधरी ने भाजपा के साथ गठबंधन कर लिया, जबकि विपक्षी दलों को एकजुट होकर चुनाव लड़ना चाहिए था.

जयंत चौधरी पर क्यों नाराज दिखे चंद्रशेखर आजाद?

बागपत के टीकरी कस्बे पहुंचे चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए वह गठबंधन में हर तरह का समझौता करने को तैयार थे. उनकी इच्छा थी कि प्रदेश में विपक्ष की सरकार बने, लेकिन विपक्ष के कुछ बड़े नेताओं के अहंकार और दूसरे दलों को साथ लेकर चलने की सोच न होने के कारण भाजपा को फायदा मिला.

जयंत चौधरी को लेकर उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने समझदारी दिखाई होती तो भाजपा को प्रदेश में नुकसान उठाना पड़ता. चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि आज जयंत चौधरी की पार्टी के सांसद और विधायक सरकार में शामिल हैं, लेकिन अपने लोगों की आवाज नहीं उठा पा रहे हैं.

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर हम सरकार में होते और हमारे लोगों की बात नहीं सुनी जाती तो हम सरकार के कपड़े फाड़ देते. उनके इस बयान को भाजपा के साथ आरएलडी के गठबंधन पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है.

योगी के तीन बार मुख्यमंत्री बनने वाले बयान पर भी ली चुटकी

चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीन बार मुख्यमंत्री बनने से जुड़े सवाल पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि चिंता न करें, नौजवान उन्हें जवाब देंगे और मुख्यमंत्री बनाएंगे.

उन्होंने प्रदेश में पंचायत चुनाव नहीं कराए जाने को लेकर भी योगी सरकार पर हमला बोला. चंद्रशेखर का आरोप है कि सरकार को पता है कि पंचायत चुनाव हुए तो भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख नहीं बन पाएंगे. इसी वजह से चुनाव टाले जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि चुनाव होने पर अधिकारियों के जरिए दबाव बनाकर चुनाव कराने की कोशिश की जाएगी. उनके मुताबिक, सरकार डंडे के दम पर चुनाव कराना चाहती है. ये सभी बातें उन्होंने प्रदेश सरकार पर राजनीतिक हमला करते हुए कहीं.

किसानों और गन्ने के दाम का मुद्दा भी उठाया

बागपत में चंद्रशेखर आजाद ने किसानों की समस्याओं का भी जिक्र किया. उन्होंने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई. उनका कहना था कि जब बाजार में चीनी 60 रुपये किलो बिक रही है तो किसानों को गन्ने का उचित दाम क्यों नहीं मिलना चाहिए.

उन्होंने खाद और बीज की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है. सरकार को किसानों की परेशानी को देखते हुए फसलों का सही मूल्य देना चाहिए.

चंद्रशेखर ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की मांग भी की. उनका कहना था कि इस क्षेत्र के लोगों को न्याय के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच बनने से लोगों को राहत मिल सकती है.

कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे थे चंद्रशेखर

दरअसल, चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को बागपत के टीकरी कस्बे पहुंचे थे. यहां आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता विकास कुमार का निधन हो गया था. वह उनके परिजनों से मिलने और उन्हें सांत्वना देने पहुंचे थे.

इसी दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा, जयंत चौधरी और योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने युवाओं के रोजगार, अग्निवीर योजना और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर काम करना चाहिए.

ये भी पढ़ें- यूपी में सिपाही से दारोगा बने जवानों को योगी सरकार की राहत, 8 लाख रुपये तक की रिकवरी माफ