लेटेस्ट न्यूज़

हापुड़ में 3 साल के प्यार के बाद गर्लफ्रेंड के घर बारात लेकर पहुंचा बॉयफ्रेंड, घरवालों ने कर दी पिटाई, फिर थाने में GF ने लिया ये फैसला!

ADVERTISEMENT

हापुड़ में प्रेमी ने तीन साल के प्यार के बाद बारात लेकर प्रेमिका के घर पहुंचा। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला सुलझाया। लड़की ने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहने की सहमति दी।

social share
Google CTA

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है. यहां तीन साल से प्रेम संबंध में रह रहे युवक ने प्रेमिका से शादी करने के लिए अचानक उसके घर बारात पहुंचा दी. युवक को बारात लेकर आया देखकर युवती के परिजन नाराज हो गए. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो मारपीट तक पहुंच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई. वहां बातचीत के बाद युवती ने अपनी मर्जी से बॉयफ्रेंड के साथ जाने का फैसला लिया. इसके बाद पुलिस ने उसे युवक और उसके परिवार के साथ भेज दिया.

3 साल से चल रहा था दोनों के बीच प्रेम प्रसंग

यह पूरा मामला हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के एक गांव का है. बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले अमन का गांव की रहने वाली शिवानी के साथ करीब तीन साल से प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे. जानकारी के मुताबिक, दीपावली की देर रात अमन प्रेमिका के घर पहुंचा और उसके पिता से शादी कराने की बात कही. इस पर युवती के पिता ने लोकलाज का हवाला देते हुए उसे बाद में आने के लिए कहा. हालांकि, युवक ने उनकी इस बात को शादी के लिए सहमति समझ लिया.

यह भी पढ़ें- हापुड़ में पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या! दिवाली का विज्ञापन लेने फ्लोर मिल पहुंचे थे नसीम अहमद

 

रिश्तेदारों को लेकर बारात पहुंचा अमन

इसके बाद सोमवार दोपहर अमन अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों को साथ लेकर बारात के साथ शिवानी के घर पहुंच गया. अचानक घर के दरवाजे पर बारात देखकर युवती के पिता और परिवार के अन्य लोग नाराज हो गए. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी. सूचना मिलते ही हापुड़ देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई.

थाने में काफी देर तक चली बातचीत

पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची, जहां काफी देर तक बातचीत और समझौते की कोशिश की गई. थाना प्रभारी पारस मलिक ने दोनों पक्षों की बात सुनी. इसके बाद युवती से अलग से बातचीत की गई, ताकि उसकी इच्छा के बारे में जानकारी ली जा सके. पुलिस के मुताबिक, शिवानी की उम्र करीब 19 साल और अमन की उम्र 21 साल है. दोनों बालिग हैं. युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से अमन के साथ रहना चाहती है और उसी के साथ जाना चाहती है.

रिकॉर्ड किया गया शिवानी का बयान

इस मामले में हापुड़ देहात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पारस मलिक ने बताया कि दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे. अमन के परिवार के लोग शादी की बात करने के लिए शिवानी के घर गए थे, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी. उन्होंने बताया, 'थाने पर आने के बाद मिशन शक्ति केंद्र में लड़की को बैठाकर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग की गई. उसने बताया कि वह अपनी मर्जी से अपने दोस्त अमन के साथ ही रहना और जाना चाहती है.'

सहमति के बाद अमन के साथ गई शिवानी

इंस्पेक्टर पारस मलिक के मुताबिक, युवती ने इस संबंध में लिखित तहरीर भी दी है. उसकी लिखित सहमति और वीडियो बयान दर्ज किया गया. इसके बाद दोनों पक्षों की रजामंदी से युवती को उसकी इच्छा के मुताबिक अमन और उसके परिवार के सदस्यों के साथ भेज दिया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों से पूरी लिखा-पढ़ी करा ली गई है. पुलिस के अनुसार, युवती के बालिग होने और अपनी मर्जी से जाने की बात कहने के बाद यह फैसला लिया गया.

यह भी पढ़ें- CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, रामपुर में 7 जवानों की ली थी जान