यूपी के युवाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात, 50 हजार स्टूडेंट्स को मिले टैबलेट

संतोष शर्मा

• 02:59 PM • 15 Nov 2026

योगी सरकार ने युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण के दूसरे चरण की शुरुआत की. लखनऊ समेत चार जिलों के 50 हजार छात्रों को मिली सौगात, जानिए किन युवाओं को मिलेगा लाभ और क्या है सरकार का पूरा प्लान.

CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath

Google CTA

उत्तर प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है. जनजातीय गौरव दिवस (भगवान बिरसा मुंडा जयंती) के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से प्रदेश में 25 लाख टैबलेट बांटने के दूसरे चरण की शुरुआत की. 'स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना' के तहत आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव इन चार जिलों के 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए. 

यह भी पढ़ें...

बिरसा मुंडा जयंती पर शुरुआत और योजना का पूरा लक्ष्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 नवंबर को इस अभियान की शुरुआत करने की खास वजह बताई. उन्होंने कहा कि आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है जिन्होंने महज 25 साल की उम्र में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ बिगुल फूंका था और देश की आजादी की लड़ाई में अहम योगदान दिया.

2 करोड़ का लक्ष्य: सरकार ने प्रदेश के 2 करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से पहले चरण में 60 लाख से अधिक विद्यार्थियों को यह सौगात दी जा चुकी है. अब दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट बांटे जा रहे हैं.

कोरोना काल में हुई थी शुरुआत: इस अभियान की नींव 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर रखी गई थी.उस समय कोविड महामारी के कारण छात्रों की पढ़ाई और परीक्षाएं बाधित हो रही थीं जिसे देखते हुए सरकार ने युवाओं को तकनीक से जोड़ने का फैसला लिया था.

पिछली सरकारों पर सीएम योगी का हमला

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपनी क्षमता पहचानने और परिश्रम के दम पर आगे बढ़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार सुनिश्चित कर रही है कि संसाधनों की कमी के कारण किसी भी होनहार युवा की प्रतिभा पीछे न रह जाए.

पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले की सरकारों ने युवाओं के भविष्य पर ध्यान देने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा और उन्हें तकनीक से जोड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया.

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना क्या है?

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक पहल है, जिसके तहत राज्य के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए मुफ्त टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जाते हैं. इस योजना का मुख्य उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को हर छात्र तक पहुंचाना और उन्हें डिजिटल रूप से सक्षम बनाना है.

किन-किन कोर्स के छात्रों को मिलेगा मुफ्त टैबलेट?

ग्रेजुएशन/पोस्ट ग्रेजुएशन: BA, B.Sc, B.Com, MA, M.Sc, M.Com आदि.
तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा: B.Tech, M.Tech, BCA, MCA, BBA, MBA आदि.
डिप्लोमा व कौशल विकास: ITI, पॉलिटेक्निक और अन्य स्किल डेवलपमेंट कोर्स.
मेडिकल व पैरामेडिकल: MBBS, BDS, BAMS, BHMS, B.Sc Nursing, B.Pharm आदि.

मुफ्त टैबलेट के लिए क्या है पात्रता?

मुफ्त टैबलेट लेने वाला छात्र मूल रूप से उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी हो. इसके साथ ही छात्र यूपी के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या कॉलेज में नामांकित हो. इसके अलावा परिवार की वार्षिक आय से जुड़ी शर्तें भी मायने रखती हैं.

क्या है पूरी प्रक्रिया?

यूपी सरकार के इस योजना का लाभ लेने के लिए छात्रों को अलग से फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है. कॉलेज खुद ही आपका डेटा योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करता है.
 

ये भी पढ़ें: ओवैसी ने सपा के PDA को बताया 'पलट दिया अखिलेश', चंद्रशेखर को CM चेहरा बनाने की भी बताई वजह