लेटेस्ट न्यूज़

ओवैसी ने सपा के PDA को बताया 'पलट दिया अखिलेश', चंद्रशेखर को CM चेहरा बनाने की भी बताई वजह

2027 विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ में अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने PDA का मतलब 'पलट दिया अखिलेश' बताते हुए चंद्रशेखर आजाद से उनकी तुलना की.

ADVERTISEMENT

असदुद्दीन ओवैसी और अखिलेश यादव
असदुद्दीन ओवैसी और अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
social share
Google CTA

UP Politics 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ में एक जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने अखिलेश के PDA फॉर्मूले पर तंज कसते हुए इसका नया मतलब बताया. ओवैसी ने कहा कि PDA का असली मतलब 'पलट दिया अखिलेश' है. इस दौरान उन्होंने अखिलेश के पुराने बयानों का भी जिक्र किया और उनकी तुलना चंद्रशेखर आजाद से की.

ओवैसी ने अखिलेश यादव के उस पुराने बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने ओवैसी की तुलना डोर से करते हुए कहा था कि जितनी डोर रहेगी, उतना उड़ेंगे और जब चाहेंगे डोर खींच लेंगे. इस पर ओवैसी ने कहा कि उनकी डोर अल्लाह के हाथ में है, जबकि अखिलेश यादव की डोर बीजेपी के साथ है. उन्होंने अखिलेश के PDA फॉर्मूले पर कहा कि पहले A का मतलब अल्पसंख्यक बताया जाता था, लेकिन अब अगड़ा, आदिवासी, अग्रवाल और आधी आबादी जैसे मतलब बताए जा रहे हैं.

चंद्रशेखर आजाद की तारीफ में क्या बोले ओवैसी?

AIMIM प्रमुख ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन और उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने के फैसले पर भी बात की. ओवैसी ने कहा कि लोग उनसे पूछते हैं कि उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को क्यों समर्थन दिया. इसके जवाब में उन्होंने सहारनपुर की मस्जिद का जिक्र किया और सवाल किया कि जब मस्जिद तोड़ी गई थी, तब अखिलेश यादव वहां गए थे या नहीं. उन्होंने श्रावस्ती और बहराइच में मदरसों को तोड़े जाने का भी जिक्र करते हुए अखिलेश पर सवाल उठाए.

ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की तारीफ करते हुए कहा कि जब नगीना में ईद की नमाज नहीं पढ़ने देने की बात कही गई तो चंद्रशेखर खड़े हुए और लोगों से नमाज पढ़ने को कहा. उन्होंने कहा, 'चंद्रशेखर आजाद ठहर कर नमाज पढ़ा रहे हैं और अखिलेश उस जगह पर जाने वाले हैं जहां पर हमने 400 साल नमाज पढ़ी थी.' ओवैसी ने आगे कहा कि चंद्रशेखर ने खुद को मुसलमान नहीं, बल्कि बाबा साहब के संविधान को मानने वाला बताया और नमाज पढ़ने वालों के साथ खड़े हुए.

अखिलेश के अयोध्या से जुड़े दौरे पर भी निशाना

ओवैसी ने अखिलेश यादव के उस प्रस्तावित दौरे को लेकर भी सवाल उठाए, जिसका जिक्र उन्होंने अपने भाषण में किया. उन्होंने कहा कि जिस जगह पर उनके बुजुर्गों ने 400 साल तक नमाज पढ़ी और सजदे किए, अखिलेश अब वहां जाने वाले हैं. ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के समर्थकों से भी सवाल किया कि वे इस पर दुनिया के सामने क्या जवाब देंगे. उन्होंने कहा कि फैसला लोगों को करना है कि कौन उनके साथ खड़ा रहा और किसने सिर्फ राजनीति की.

यह भी पढ़ें-अखिलेश यादव के विरोध के बाद धीरेंद्र शास्त्री के साथ आए बृजभूषण, राजा भैया के न्योते पर कुंडा जाने का किया ऐलान

 

राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर भी उठाए सवाल

ओवैसी ने अखिलेश यादव के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज परिमल नथवानी को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि अखिलेश ने उन्हें उम्मीदवार क्यों बनाया, जबकि उनके पिता परिमल नथवानी ने INDIA गठबंधन के उम्मीदवार को हराया था. इस पर तंज कसते हुए ओवैसी ने कहा, 'यह कैसा प्यार है, यह रिश्ता क्या कहलाता है?' इस तरह मेरठ की जनसभा में ओवैसी ने PDA, अखिलेश यादव के पुराने बयानों, चंद्रशेखर आजाद और राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर सपा प्रमुख पर कई सवाल खड़े किए.