कांग्रेस ने सपा से मांगी 181 सीटें! अखिलेश यादव ने किया बड़ा खुलासा, बताया क्या है I.N.D.I.A. गठबंधन का पूरा प्लान
यूपी चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. अखिलेश यादव ने मजाकिया अंदाज में बताया कि कांग्रेस कितनी सीटें मांग रही है. क्या 181 सीटों की मांग पर बनेगी गठबंधन की सहमति?
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सीट बंटवारे पर सबकी निगाहें टिकी हैं. इस बीच समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि उनकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए उनसे कितनी सीटों की मांग की है.
हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने दिलचस्प अंदाज में जवाब देते हुए कहा '180 में एक जोड़ दीजिए'यानी कांग्रेस यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है. हालांकि कांग्रेस के साथ अपने संबंधों को 'बहुत अच्छा' बताते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार I.N.D.I.A. गठबंधन मिलकर बीजेपी को सत्ता से बेदखल करेगा.
सीट बंटवारे पर अखिलेश का दिलचस्प जवाब
शनिवार को समिट के दौरान जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने 100 सीटों की मांग की है तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि कांग्रेस की मांग इस संख्या से कहीं ज्यादा है. इसके बाद जब उनसे 200 सीटों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह थोड़ा कम है और 180 का आंकड़ा सामने आने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें एक और जोड़ दीजिए.
अखिलेश यादव ने यह भी साफ किया कि समाजवादी पार्टी ने तय कर लिया है कि वह कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और गठबंधन का मुख्य लक्ष्य सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हराना है. उन्होंने आगे ये भी कहा कि इस बार यूपी में नियम और असलियत दोनों बदलेंगे.
2024 के लोकसभा नतीजों ने जगाई उम्मीद, 26 नवंबर को आएगा 'जन-मन मैनिफेस्टो'
उत्तर प्रदेश में 1989 से सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस को 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन करने का बड़ा फायदा मिला था जिससे राज्य में उसके सियासी वापसी की उम्मीद जगी है.
2024 लोकसभा चुनाव का गणित: सपा-कांग्रेस गठबंधन ने यूपी की 80 में से 43 लोकसभा सीटें जीतकर 43.52% वोट हासिल किए थे. इसमें कांग्रेस ने 17 सीटों पर लड़कर 6 सीटें (9.46% वोट) जीती थीं. जबकि बीजेपी 62 से घटकर 33 सीटों पर सिमट गई थी.
2022 विधानसभा का प्रदर्शन: पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अकेले लड़ी थी और महज 2 सीटें ही जीत पाई थी. जबकि समाजवादी पार्टी ने 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी.
घोषणापत्र की तारीख तय: 2027 के चुनावी रण के लिए सपा ने कमर कस ली है. अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर पार्टी अपना 'जन-मन मैनिफेस्टो' जारी करेगी.
बीजेपी पर हमला लेकिन बसपा पर चुप्पी
अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने हालिया 2026 के विधान परिषद (MLC) चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी अब यूपी में अपनी जमीन खो चुकी है. विधान परिषद की 11 स्नातक और शिक्षक सीटों में से सपा ने 5 सीटें जीतीं जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की दोनों सीटों के अलावा लखनऊ, आगरा और इलाहाबाद-झांसी की सीटें शामिल हैं.
वहीं बहुजन समाज पार्टी (BSP) के घटते जनाधार पर टिप्पणी करने से बचते हुए उन्होंने कहा कि वे किसी खास राजनीतिक दल पर बोलने के बजाय समाज और समुदायों की बात करना पसंद करेंगे.
ये भी पढ़ें: ओवैसी और चंद्रशेखर के नए गठबंधन पर रामगोपाल यादव का बड़ा तंज, बोले- 0 + 0 = 0 होता है
