आगरा में 15 नवंबर को सपा करेगी 'विशाल दलित सम्मेलन', 30 जिलों से समाज के लोग होंगे एकजुट
ADVERTISEMENT
Agra Dalit Conference: 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी आगरा में दलित सम्मेलन के जरिए अपना PDA फॉर्मूला मजबूत करने की तैयारी में है. 15 नवंबर को होने वाले इस सम्मेलन में अखिलेश यादव शामिल होंगे और 30 जिलों से दलित समाज के लोगों को जुटाने की योजना है.
Agra Dalit Conference: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात अभी से बिछने लगी है. इस बार समाजवादी पार्टी की सीधी नजर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सबसे मजबूत गढ़ रहे आगरा पर है. आगरा के जरिए अखिलेश यादव पूरे यूपी के दलित समाज को एक बड़ा राजनीतिक मैसेज देने की तैयारी कर रहे हैं. 15 नवंबर को आगरा के जीआईसी मैदान में पश्चिमी यूपी का एक 'विशाल दलित सम्मेलन' होने जा रहा है, जिसे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद संबोधित करेंगे. इस सम्मेलन की पूरी कमान सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने संभाली है. इस कार्यक्रम के जरिए 30 जिलों से दलित समाज के लोगों को जुटाने की योजना है. सपा इस आयोजन से अपने पीडीए फॉर्मूले को राजनीतिक जमीन पर और ज्यादा मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
'बसपा अब बीजेपी की बी टीम है'
आगरा में होने वाले इस दलित सम्मेलन के संयोजक रामजी लाल सुमन ने खास बातचीत में बीएसपी पर कड़ा निशाना साधा. सुमन ने कहा कि जो पार्टी कभी दलितों के नाम पर चलती थी, उसके बारे में समाज में अब यह धारणा बन गई है कि वह बीजेपी से मिली हुई है. उन्होंने कहा कि 2007 में इस पार्टी (बसपा) को 30 फीसदी से ज्यादा वोट मिले थे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में यह सिमट कर केवल 9 फीसदी रह गया. लोगों का भ्रम टूट रहा है और दलित वर्ग यह समझ चुका है कि बसपा सिर्फ बीजेपी की 'बी टीम' बनकर रह गई है.
'बीजेपी को हराने का एक ही विकल्प'
रामजी लाल सुमन ने दावा किया कि दलित प्रबुद्ध वर्ग अब यह जान गया है कि अगर बीजेपी को हराना है, तो उनके पास समाजवादी पार्टी के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है. उन्होंने कहा कि यूपी का माहौल अब पूरी तरह बदल गया है और जनता केवल दो पक्षों में बंटेगी- एक बीजेपी को जिताने वाली और दूसरी सपा को जिताने वाली. 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह ही 2027 के विधानसभा चुनाव में भी दलित समाज का बड़ा हिस्सा सपा के साथ आएगा और बीजेपी की हार तय है.
तीसरे मोर्चे पर सुमन का तंज
हाल ही में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद द्वारा बनाए गए नए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चे' पर भी रामजी लाल सुमन ने तंज कसा. 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे इस नए मोर्चे के सवाल पर सुमन ने कहा कि कुछ लोग बहुत नादान हैं और वो समाज के मिजाज को नहीं समझते. उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश की जनता का मन अब बीजेपी को हराने का बन चुका है और सबको पता है कि यह काम सिर्फ सपा ही कर सकती है. सुमन ने दावा किया कि तीसरे मोर्चे की यह कवायद पूरी तरह से निरर्थक साबित होगी और 2027 में समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी.
