अखिलेश यादव के विरोध के बाद धीरेंद्र शास्त्री के साथ आए बृजभूषण, राजा भैया के न्योते पर कुंडा जाने का किया ऐलान
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर और रामकथा को लेकर सियासत तेज होती दिख रही है. बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विरोध जताया है.
ADVERTISEMENT

Brij Bhushan Sharan Singh Statement: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर और रामकथा को लेकर सियासत तेज होती दिख रही है. बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विरोध जताया है. वहीं, प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित रामकथा में शामिल होने के लिए बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने हामी भर दी है. बृजभूषण ने साफ कहा है कि वह कुंडा जाएंगे. खास बात यह है कि कुछ महीने पहले तक अखिलेश यादव को लेकर नरम बयान देने वाले बृजभूषण अब धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में खुलकर बोल रहे हैं. ऐसे में उनकी कुंडा यात्रा को लेकर सियासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
बृजभूषण बोले- कुंडा जा रहे हैं
राजा भैया ने बृजभूषण शरण सिंह को कुंडा में होने वाली रामकथा के लिए खास न्योता दिया है. इस पर बृजभूषण ने कहा कि वह जरूर जाएंगे. उन्होंने राजा भैया के साथ अपने रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों के बीच अच्छे संबंध हैं. बृजभूषण के मुताबिक, बड़ी कथाओं के आयोजक चाहते हैं कि वह उनके कार्यक्रम में शामिल हों, क्योंकि वह संतों और साधु-संतों का सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा 'अगर मेरे जाने से उस कथा की कुछ प्रतिष्ठा बढ़ती है, कुछ चर्चा अच्छी होती है तो मैं जाउंगा.' बता दें प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेती राजभवन में 17 से 20 नवंबर तक रामकथा का आयोजन होना है. इसके लिए तैयारियां भी की जा रही हैं.
यह भी पढ़ेंः पति ने मारा थप्पड़, तो पत्नी ने पत्थर से कुचलकर कर दी हत्या, प्रयागराज में शेखर बंसल की दर्दनाक मौत!
धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर क्या बोले बृजभूषण?
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के एक बयान को लेकर विवाद के सवाल पर बृजभूषण ने उनका बचाव किया. उन्होंने कहा कि विरोध करने वालों ने उनकी बातों को पूरा नहीं सुना. बृजभूषण ने बताया कि पहले वह भी इस बयान को लेकर भ्रम में थे, लेकिन एक दिन पूरी कथा सुनने के बाद उन्हें उसका भाव समझ आया. उन्होंने कहा 'उनका भाव किसी का अपमान करने का नहीं था.' बृजभूषण ने 'ढोल गंवार शूद्र पशु नारी' वाली चौपाई के संदर्भ में कहा कि 'ताड़ना' का अर्थ मारना नहीं, बल्कि देखभाल करना और ध्यान रखना भी है. उनके मुताबिक, किसी बात को समझने में व्यक्ति की अपनी भावना भी अहम होती है.
अखिलेश ने जताया था विरोध
दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयान के बाद विवाद शुरू हुआ. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि इससे यदुवंशियों और रघुवंशियों की भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री को न ब्रज में प्रवेश मिलना चाहिए और न अवध में. सपा नेताओं और समर्थकों ने भी इस मुद्दे पर विरोध जताया और कथाओं पर रोक लगाने की मांग उठाई. इसके बावजूद राजा भैया ने कुंडा में रामकथा का कार्यक्रम जारी रखा है.
देखें पूरा वीडियोः
