पैसे के दम पर कानून का मजाक उड़ा रहे हैं पवन सिंह! कोर्ट में पेश नहीं होने पर भड़कीं पत्नी ज्योति सिंह
पवन सिंह और ज्योति सिंह के विवाद में कोर्ट की तारीख पर नया हंगामा हो गया. भरण-पोषण मामले में पवन सिंह फिर पेश नहीं हुए, तो ज्योति सिंह का दर्द और गुस्सा छलक पड़ा. उन्होंने जनप्रतिनिधि के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए.
ADVERTISEMENT

भोजपुरी के मशहूर अभिनेता और बिहार से विधान परिषद (MLC) सदस्य पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. बलिया की फैमिली कोर्ट में गुरुवार को ज्योति सिंह के भरण-पोषण के मामले में सुनवाई हुई. इस दौरान ज्योति सिंह अपर प्रधान न्यायाधीश के समक्ष कोर्ट में पेश हुईं. लेकिन पवन सिंह एक बार फिर अदालत में हाजिर नहीं हुए. कोर्ट की तरफ से पिछले आदेश पर पवन सिंह पर 3000 रुपये का हर्जाना (कास्ट) लगाया गया था, जिसे उनके वकीलों ने ड्राफ्ट के जरिए जमा कर दिया. लेकिन खुद पवन सिंह कोर्ट नहीं पहुंचे. तारीख पर तारीख मिलने और पति के पेश न होने से आहत ज्योति सिंह का गुस्सा कोर्ट परिसर से बाहर आते ही फूट पड़ा.
कानून और जज का मजाक बना रहे हैं पवन सिंह- ज्योति सिंह
कोर्ट से बाहर आने के बाद मीडिया से बात करते हुए ज्योति सिंह काफी भावुक नजर आईं और उनकी आंखों में आंसू छलक आए. उन्होंने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे एक संवैधानिक पद पर होने के बावजूद कानून और अदालत का मजाक उड़ा रहे हैं.
ज्योति सिंह ने दर्द बयां करते हुए कहा 'अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि पवन जी एक बड़े पद पर होने के बावजूद सरकार और कानून की चीजों का मजाक बनाकर रख दिए हैं. लगातार जज साहब उन्हें बुला रहे हैं. लेकिन उन्हें ऐसा लग रहा है कि वह सबसे ऊपर हो गए हैं. उनके आगे न तो जज की बात की कोई वैल्यू है और न ही कानून की.'
उन्होंने आगे कहा कि पवन सिंह करोड़ों लोगों के बीच लोकप्रिय हैं और उन्हें एक जनप्रतिनिधि के रूप में लोग देखते हैं. लेकिन वे अपने पैसे और पद के बल पर एक लड़की को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं. ज्योति सिंह ने सरकार और महिला सुरक्षा के नारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जाता है, लेकिन आज एक बेटी पिछले चार साल से दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है और किसी को उसकी पीड़ा नहीं दिख रही है.
"वाई+ सुरक्षा है, फिर भी कोर्ट आने से डर क्यों?"
इस पूरे मामले पर ज्योति सिंह के अधिवक्ता मृत्युंजय कुमार पांडे ने भी अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि आज कोर्ट में पवन सिंह को उपस्थित होना था और पिछली तारीख पर उन पर 3,000 रुपये का हर्जाना भी लगा था, जिसे वकीलों के माध्यम से जमा करा दिया गया लेकिन वे खुद न्यायालय में पेश नहीं हुए.
अधिवक्ता ने कहा कि पवन सिंह पैसे के दम पर कोर्ट में पेश नहीं हो रहे हैं. उनके वकीलों की तरफ से यह दलील दी जाती है कि उनकी जान को खतरा है, जबकि केंद्र सरकार द्वारा उन्हें वाई-प्लस (Y+) सुरक्षा मिली हुई है. इसके बावजूद वे कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे हैं जिससे साफ जाहिर होता है कि उनका मकसद सिर्फ मुकदमे को खींचना और ज्योति सिंह को परेशान करना है.
क्या है पूरा मामला?
ज्योति सिंह की ओर से बलिया फैमिली कोर्ट में अंतरिम भरण-पोषण (Alimony) के लिए याचिका दायर की गई थी. इससे पहले पवन सिंह ने आरा के फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी जिसके बाद ज्योति सिंह ने बलिया में भरण-पोषण की मांग उठाई थी. पिछले करीब चार साल से यह कानूनी लड़ाई चल रही है जिसमें ज्योति सिंह का आरोप है कि पवन सिंह सिर्फ तारीखें बढ़वा रहे हैं और अदालत में पेश नहीं हो रहे हैं.
इस मामले की अगली सुनवाई अब 3 दिसंबर को होगी. अब देखना यह होगा कि क्या अगली तारीख पर पवन सिंह अदालत में उपस्थित होते हैं या यह कानूनी खींचतान और आगे बढ़ती है.
