ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर अखिलेश यादव का बड़ा दावा, बोले- 'BJP को चुनाव में होगा नुकसान'
ADVERTISEMENT
यूपी में 2027 चुनाव से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे पर अखिलेश यादव ने निशाना साधा है. उन्होंने इसे बीजेपी का प्लांटेड मोर्चा बताते हुए दावा किया है कि इससे बीजेपी को 2 से 3 फीसदी वोटों का नुकसान होगा. सपा के PDA फॉर्मूले पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बिसात बिछने लगी है. हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का ऐलान किया है, जिसमें चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार (सीएम कैंडिडेट) घोषित किया गया है. इस गठबंधन के मैदान में आते ही यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह मोर्चा अखिलेश यादव के पीडीए (PDA) फॉर्मूले को नुकसान पहुंचाएगा? इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस नए गठबंधन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सभी को चौंका दिया है. अखिलेश ने इस मोर्चे का स्वागत तो किया, लेकिन इशारों-इशारों में इसे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का प्लांटेड (प्रायोजित) मोर्चा और बीजेपी की 'बी टीम' बता दिया. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मोर्चे से सपा को नहीं, बल्कि बीजेपी को ही नुकसान होने वाला है.
'बीजेपी को होगा 2 से 3 फीसदी का नुकसान'
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक लंबी पोस्ट करते हुए इस गठबंधन पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि इस मोर्चे के आने से भोले-भाले लोगों के पास एक और विकल्प खुल गया है. जो लोग जन भावनात्मक जुमलों और छलावे में आकर सांप्रदायिक शक्तियों (बीजेपी) को वोट दे देते थे, अब वो इस नए मोर्चे की तरफ जाएंगे. अखिलेश ने दावा किया कि इस नए गठबंधन के मैदान में आने से बीजेपी को करीब 2 से 3 प्रतिशत वोटों का सीधा नुकसान होगा. उन्होंने साफ किया कि इस मोर्चे से समाजवादी पार्टी के वोट बैंक पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
यह भी पढ़ें: Survey: यूपी विधानभा चुनाव 2027 कौन-सी पार्टी जीत सकती है? इस बार पलट गया खेल
कठपुतली और हिडन एजेंडे पर तंज
अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव ने इस गठबंधन की नीयत पर भी गहरे सवाल उठाए. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए लिखा कि ऐसे मोर्चे से लोकतंत्र मजबूत होता है, बशर्ते उसके पीछे समाज की भलाई की मंशा हो, किसी तीसरे का "काला मंसूबा" नहीं. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कोई सियासत में कठपुतली बनकर काम करता है, तो जनता चुनाव में उसकी जमानत तक जब्त करवा देती है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अखिलेश यादव ने यह बात कहकर अपने कार्यकर्ताओं और वोटर्स को यह संदेश दिया है कि ओवैसी और चंद्रशेखर का यह गठबंधन बीजेपी का हिडन एजेंडा (छिपी हुई साजिश) है.
यह भी पढ़ें: Survey: यूपी विधानभा चुनाव 2027 कौन-सी पार्टी जीत सकती है? इस बार पलट गया खेल
क्या सपा को होगा असली नुकसान?
भले ही अखिलेश यादव यह दावा कर रहे हों कि इस मोर्चे से बीजेपी को नुकसान होगा, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे अलग नजरिए से देख रहे हैं. विश्लेषकों का मानना है कि ओवैसी जो मुस्लिम वोट काटेंगे और चंद्रशेखर जो दलित (मुख्य रूप से जाटव) वोट अपने पाले में करेंगे, वह बीजेपी का कोर वोटर नहीं है. अगर ये दोनों नेता चुनाव में 5 हजार या 10 हजार वोट भी हासिल करते हैं, तो इसका सीधा नुकसान अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के पीडीए (PDA) फॉर्मूले को ही होगा. हालांकि, 2022 के चुनाव में इन दोनों नेताओं का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था, लेकिन पिछले 5 सालों में दोनों ने जमीन पर काफी मेहनत की है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 2027 के चुनाव में यह नया मोर्चा किसका खेल बिगाड़ता है.
यह भी पढ़ें: Survey: यूपी विधानभा चुनाव 2027 कौन-सी पार्टी जीत सकती है? इस बार पलट गया खेल
