लेटेस्ट न्यूज़

100% दिव्यांग ब्रजभूषण को 12 साल से नहीं मिला राशन कार्ड, दिवाली पर घर में नहीं था आटा

बांदा में 100 फीसदी दिव्यांग ब्रजभूषण 12 साल से राशन कार्ड के लिए भटक रहे हैं. शिकायत पर डीएम अमित आसेरी ने DSO को तत्काल कार्ड जारी करने और लापरवाही की जांच के आदेश दिए.

ADVERTISEMENT

Banda News
Banda News
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के बांदा में दोनों पैरों से दिव्यांग एक व्यक्ति पिछले 12 साल से राशन कार्ड बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है. पीड़ित का आरोप है कि विभाग, ब्लॉक, तहसील और डीएम कार्यालय तक कई बार शिकायत करने के बावजूद उसे अब तक सिर्फ आश्वासन मिला. हालात ऐसे हैं कि दिवाली के दिन उसके घर में आटा तक नहीं था. पीड़ित की दिव्यांग पेंशन भी पिछले कई महीनों से बंद है. शुक्रवार को वह एक बार फिर डीएम अमित आसेरी के पास राशन कार्ड बनवाने की गुहार लेकर पहुंचा. मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को मौके पर बुलाया और तत्काल राशन कार्ड जारी करने के आदेश दिए. साथ ही लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए.

ब्रजभूषण के पास है 100% दिव्यांगता का कार्ड

दरअसल, बांदा के स्योढ़ा गांव के रहने वाले ब्रजभूषण दोनों पैरों से दिव्यांग हैं और उनके पास 100 फीसदी दिव्यांगता का कार्ड भी है. उनका कहना है कि उनके पास न तो खेती की जमीन है और न ही रहने के लिए पक्का मकान. बरसात में उनका कच्चा घर भी गिर गया था. पीड़ित के मुताबिक, वह पिछले 12 साल में राशन कार्ड बनवाने के लिए विभाग, ब्लॉक, तहसील और समाधान दिवस में सैकड़ों शिकायत पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक कार्ड नहीं बना. उनका आरोप है कि हर बार अधिकारी राशन कार्ड जारी करने का आश्वासन देते रहे. उन्हें मिलने वाली एक हजार रुपये की दिव्यांग पेंशन भी पिछले कई महीनों से बंद है. ब्रजभूषण ने गांव में अपात्र लोगों के घर तीन-तीन राशन कार्ड बनाए जाने का आरोप भी लगाया है. उन्होंने बताया कि कई बार अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ.

डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

डीएम अमित आसेरी ने शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन को मौके पर बुलाकर तत्काल राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए. जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि ब्रजभूषण अंत्योदय राशन कार्ड के पात्र हैं और उनका लाल राशन कार्ड जारी करने की पूरी कोशिश की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी कि आखिर अब तक राशन कार्ड क्यों नहीं बनाया गया. डीएम ने संबंधित मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं.

ये भी पढ़ें: यूपी के बांदा जिले में बिजली टावर पर चढ़ी 17 साल की लड़की, बॉयफ्रेंड से बात करने पर परिजनों ने लगाई थी डांट, पुलिस ने सुरक्षित उतारा