लेटेस्ट न्यूज़

Survey: यूपी विधानभा चुनाव 2027 कौन-सी पार्टी जीत सकती है? इस बार पलट गया खेल

यूपी चुनाव 2027 को लेकर वोट वाइब के सर्वे में भाजपा और सपा के बीच बेहद कम अंतर दिखा है. वोट देने की पसंद पूछी गई तो भाजपा गठबंधन आगे रहा, लेकिन जीत किसकी होगी, इस सवाल पर सपा गठबंधन को बढ़त मिली. दोनों सवालों के आंकड़े क्या हैं और सर्वे में कितने लोगों ने हिस्सा लिया?

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर अभी साफ नहीं है. वोटर किस पार्टी को वोट देना चाहते हैं और उन्हें किस पार्टी की जीत की उम्मीद है, इन दोनों सवालों के जवाब में अलग-अलग तस्वीर सामने आई है. 

वोट वाइब (Vote Vibe) के ताजा सर्वे में वोट देने की पसंद के मामले में भाजपा गठबंधन आगे है, जबकि चुनाव में कौन जीतेगा, इस सवाल पर समाजवादी पार्टी गठबंधन को बढ़त मिली है. आइए विस्तार से जानते हैं.

किस गठबंधन को वोट देंगे लोग?

13 नवंबर को जारी वोट वाइब के 'स्टेट वाइब' सर्वे के मुताबिक, 2027 के विधानसभा चुनाव में 41.9 फीसदी लोग भाजपा गठबंधन को वोट देने की बात कह रहे हैं. सपा गठबंधन को 39.1 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया है. 

वोट शेयर के मामले में भाजपा गठबंधन को सपा पर 2.8 प्रतिशत अंकों की बढ़त मिली है. बहुजन समाज पार्टी को 6.4 फीसदी लोगों ने चुना है. वहीं, 4.9 फीसदी लोग अन्य क्षेत्रीय दलों या निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ जा सकते हैं. 7.8 फीसदी लोगों ने अभी अपना फैसला नहीं बताया है.

जीत के सवाल पर सपा गठबंधन आगे

सर्वे में एक दूसरा सवाल भी पूछा गया कि उनके हिसाब से 2027 का विधानसभा चुनाव कौन-सी पार्टी जीतेगी? इस सवाल के जवाब में सपा गठबंधन भाजपा से आगे निकल गया. 42.2 फीसदी लोगों का मानना है कि अगले विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन जीत सकता है. भाजपा गठबंधन की जीत की उम्मीद 41.2 फीसदी लोगों ने जताई है.

इस तरह जीत की संभावना को लेकर लोगों की राय में सपा गठबंधन को एक प्रतिशत अंक की बढ़त मिली है. बसपा को 6.2 फीसदी लोगों ने संभावित विजेता माना है. अन्य क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के पक्ष में 2.2 फीसदी लोगों ने जवाब दिया. वहीं, 8.1 फीसदी लोग इस सवाल पर कुछ कहने की स्थिति में नहीं थे.

दो सवालों के जवाब में अलग-अलग तस्वीर क्यों?

सर्वे के इन दोनों सवालों के जवाब में अंतर समझना जरूरी है. वोट शेयर वाला सवाल जानने के लिए था कि अगर 2027 में चुनाव होते हैं तो लोग किस पार्टी या गठबंधन को वोट देना पसंद करेंगे. इसके जवाब में भाजपा गठबंधन 41.9 फीसदी के साथ आगे रहा.

दूसरा सवाल लोगों की चुनावी धारणा से जुड़ा था. इसमें उनसे पूछा गया कि उन्हें किस पार्टी की जीत की उम्मीद है. इस सवाल पर सपा गठबंधन 42.2 फीसदी के साथ पहले स्थान पर रहा.

भाजपा के पक्ष में वोट देने की इच्छा जताने वालों की संख्या ज्यादा है, लेकिन चुनावी जीत का अनुमान लगाने वालों में सपा गठबंधन को मामूली बढ़त मिली है. दोनों सवालों में भाजपा और सपा के बीच का अंतर काफी कम है.

BSP और अन्य दलों की स्थिति क्या है?

दोनों सवालों के जवाब में बसपा तीसरे स्थान पर है. वोट देने की पसंद में उसे 6.4 फीसदी लोगों का समर्थन मिला, जबकि जीत की संभावना के सवाल पर 6.2 फीसदी लोगों ने बसपा का नाम लिया. अन्य क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की बात करें तो वोट देने की पसंद में इनका आंकड़ा 4.9 फीसदी है. जीत के सवाल पर घटकर 2.2 फीसदी रह गया.

सर्वे में 8,339 लोगों से फोन पर पूछे गए सवाल

वोट वाइब ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपना सर्वे 13 नवंबर 2026 को जारी किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें पूरे उत्तर प्रदेश से 8,339 लोगों को शामिल किया गया. सर्वे टेलीफोन के माध्यम से किया गया है. इसकी बताई गई त्रुटि सीमा (मार्जिन ऑफ एरर) प्लस-माइनस 3 फीसदी है.

ये भी पढ़ें- अपना सीएम कैंडिडेट चंद्रशेखर आजाद को बनाया, फिर अखिलेश और कांग्रेस को दिया ये ऑफर