लेटेस्ट न्यूज़

सहारनपुर में आउटर पर खड़ी ट्रेनों से चुराते थे डीजल, पिकअप में भरकर ले जा रहे थे 960 लीटर तेल, पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. नागल रेलवे स्टेशन के आउटर पर खड़ी ट्रेन से डीजल चोरी कर पिकअप में ले जा रहे 6 आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया.

ADVERTISEMENT

Saharanpur Diesel Theft News
Saharanpur Diesel Theft News
social share
Google CTA

Saharanpur Diesel Theft News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. नागल रेलवे स्टेशन के आउटर पर खड़ी ट्रेन से डीजल चोरी कर पिकअप में ले जा रहे 6 आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया. इनके कब्जे से 960 लीटर चोरी का डीजल, 21 बड़ी कैन, दो अन्य कैन और तीन खाली कैन बरामद हुई हैं. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी कब्जे में ले लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में चार सहारनपुर और दो बिहार के रहने वाले हैं. पूछताछ में यह भी पता चला कि गिरोह इससे पहले सरसावा क्षेत्र के पिलखनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के जनरेटर से करीब 180 लीटर डीजल चोरी कर चुका था.

चेकिंग के दौरान पुलिस ने पिकअप को रोका

एसपी देहात मयंक पाठक के मुताबिक 12 नवंबर को नागल थाना पुलिस रेलवे रोड पर गश्त कर रही थी. इस दौरान संदिग्ध वाहनों की चेकिंग भी की जा रही थी. तभी रेलवे पुल के पास हाईवे की तरफ जा रही एक पिकअप को पुलिस ने रोक लिया. तलाशी लेने पर वाहन में डीजल से भरी बड़ी संख्या में कैन मिलीं. पुलिस ने पिकअप में सवार लोगों से डीजल से जुड़े कागजात मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके. इसके बाद पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जांच में पता चला कि ये लोग मिलकर ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करते थे.

60 लीटर की कैन में भरकर ले जा रहे थे तेल

पुलिस के मुताबिक पिकअप से 40 लीटर की 21 कैन में भरा 840 लीटर डीजल और 60 लीटर की दो कैन में भरा 120 लीटर डीजल बरामद हुआ. इस तरह कुल 960 लीटर डीजल मिला. इसके अलावा तीन खाली कैन भी बरामद की गई हैं. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे रेलवे स्टेशन के आउटर पर कई दिनों तक खड़ी रहने वाली ट्रेनों को निशाना बनाते थे. इन ट्रेनों के जनरेटर में बड़ी मात्रा में डीजल रहता है. आरोपी जनरेटर से तेल निकालकर कैनों में भरते और फिर पिकअप के जरिए उसे वहां से ले जाते थे.

यह भी पढ़ेंः आधी रात को बिजनौर पुलिस ने हमजा को उठाया, फिर चाचा से मांगे 5 लाख, मोबाइल रिकॉर्डिंग सामने आते ही हुआ ये एक्शन

 

जनरेटर में रहता है डीजल

एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया, 'ट्रेनों के जनरेटर में तकरीबन दो हजार से तीन हजार लीटर डीजल होता है. आउटर में कई दिन तक ट्रेन खड़ी रहती हैं. इसी दौरान ये लोग जनरेटर से डीजल चोरी करते थे.' उन्होंने बताया कि आरोपियों ने नागल क्षेत्र में आउटर पर खड़ी ट्रेन से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की है. पूछताछ में चार-पांच दिन पहले सरसावा थाना क्षेत्र के पिलखनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के जनरेटर से भी डीजल चोरी करने का मामला सामने आया है. वहां से करीब 180 लीटर डीजल चोरी किए जाने की जानकारी मिली है.

आरोपी सहारनपुर और बिहार के रहने वाले

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला, जुल्फान, फरमान और दिलनवाज के रूप में हुई है. ये चारों सहारनपुर के रहने वाले हैं. वहीं, जोगिंद्र साहनी और अवधेश साहनी बिहार के निवासी हैं. पुलिस के मुताबिक सभी छह आरोपी मिलकर गिरोह के रूप में काम कर रहे थे. पूछताछ में सामने आया कि चोरी का डीजल अब्दुल्ला पुत्र मोबीन के माध्यम से बेचा जाता था. इस काम से आरोपी अच्छा मुनाफा कमाते थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से डीजल और कैन के अलावा चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त किया है.

यह भी पढ़ेंः वोटर लिस्ट से 1 करोड़ 27 लाख वोटर्स के नाम कटने वाले सीएम योगी के बयान पर बोले अखिलेश- बाहरी लोगों को जोड़ने की हो रही है साजिश

 

कहां बेचते थे चोरी का डीजल

एसपी देहात ने बताया कि अभी तक की पूछताछ में पिलखनी की एक अन्य चोरी की वारदात की जानकारी मिली है. अब पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी चोरी का डीजल कहां बेचते थे. इसकी भी जांच की जा रही है कि तेल खुले बाजार में बेचा जाता था या किसी पेट्रोल पंप तक पहुंचाया जाता था. पुलिस दूसरे जिलों में सक्रिय ऐसे गिरोहों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. आरोपियों के बिहार स्थित मूल जिलों में भी उनके आपराधिक इतिहास की जांच कराई जा रही है.

एसपी देहात मयंक पाठक ने क्या कहा?

एसपी देहात मयंक पाठक के मुताबिक  गिरोह बनाकर वारदात को अंजाम देने में सभी छह आरोपियों की भूमिका है. उन्होंने कहा, 'अभी तक पूछताछ में इनका कोई खास आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है. बिहार में भी इनके मूल जिलों में आपराधिक इतिहास का पता कराया जा रहा है.' पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है.