लेटेस्ट न्यूज़

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर रामगोपाल यादव का तंज, बोले- जीरो प्लस जीरो बराबर जीरो

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने तंज कसा है.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

इटावा: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं. असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं हो रही हैं. इस गठबंधन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि सपा पर टिप्पणी करने से कुछ हासिल नहीं होगा. उन्होंने गठबंधन के सवाल पर कहा, ''जीरो प्लस जीरो बराबर जीरो ही मिलेगा.''

रामगोपाल यादव इटावा में अखिलेश यादव की ओर से बनवाए जा रहे केदारेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे. यहां उन्होंने भगवान महादेव के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया. मंदिर में दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन के अलावा राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर भी अपनी बात रखी.

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर क्या बोले रामगोपाल?

पत्रकारों ने रामगोपाल यादव से असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर सवाल किया. इस पर उन्होंने कहा कि गठबंधन करने वालों को करने दीजिए और टिप्पणी करने दीजिए. इसका कोई असर नहीं होगा. उन्होंने अपनी बात को समझाने के लिए कहा, ''0+0=0 ही मिलेगा.''

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं. ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ आने से प्रदेश में एक नए राजनीतिक गठबंधन की चर्चा शुरू हुई है. रामगोपाल यादव ने इस गठबंधन को लेकर सपा की चिंता से इनकार करने के अंदाज में जवाब दिया.

राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोप पर भी दी प्रतिक्रिया

राहुल गांधी की ओर से फोन टैप किए जाने का आरोप लगाए जाने पर भी रामगोपाल यादव से सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि सिर्फ राहुल गांधी का ही नहीं, बल्कि देश के सभी लोगों का फोन टैप किया जा रहा है.

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''फोन तो सारे देश के लोगों का टैप किया जा रहा है. नॉट ओनली राहुल गांधी. आप लोग भी अगर बड़े पत्रकार हो जाओगे तो आपके भी फोन टैप होंगे.''

केदारेश्वर मंदिर में दर्शन करने क्यों पहुंचे रामगोपाल?

राजनीतिक सवालों के जवाब देने से पहले रामगोपाल यादव इटावा में बन रहे केदारेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे. मंदिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बनवा रहे हैं. रामगोपाल यादव ने यहां भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया.

महादेव के दर्शन करने आने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि वह देवाधिदेव महादेव की कृपा चाहते हैं. उन्होंने भगवान शिव की महिमा से जुड़ी एक कथा भी सुनाई.

रामगोपाल यादव ने कहा कि एक बार ब्रह्मा जी ने पार्वती जी से कहा था कि अब वह किसी का भाग्य नहीं लिखेंगे. इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि लोग मानते हैं कि ब्रह्मा जी भले ही किसी का भाग्य लिखते हों, लेकिन महादेव चाहें तो उस भाग्य को बदल सकते हैं. जिसके भाग्य में कंगाल होना लिखा हो, उसे राजा बना सकते हैं और राजा को रंक कर सकते हैं.

क्या है ओवैसी और चंद्रशेखर का नया गठबंधन?

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए 12 नवंबर को असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने अपने गठबंधन का ऐलान किया था. दोनों नेताओं ने इस गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है.

लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया. दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है.